Vegetables To Grow In October: आपको बागवानी का शौक है, तो अक्टूबर का महीना कुछ सब्जियां उगाने के लिए बढ़िया हो सकता है. अक्टूबर की हल्की ठंड और सुहावना मौसम घर पर सब्जियों के पौधे लगाने के लिए बिल्कुल सही माना जाता है. अगर छत, बालकनी या घर का कोई छोटा कोना खाली पड़ा है तो उसमें ऐसी सब्जियां उगाई जा सकती हैं, जिन्हें आप पूरी सर्दियों मजे से खा सकते हैं. मॉनसून की विदाई के बाद नमी वाली मिट्टी और कम होती गर्मी कई सब्जियों की ग्रोथ के लिए बढ़िया रहती है.
अब हर छोटी जरूरत के लिए बाजार से सब्जियां खरीदने की बजाय आप अपने घर में ही ताजी और स्वादिष्ट सब्जियां उगा सकते हैं. चलिए जानते हैं अक्टूबर के महीने में आप कौन-कौन सी सब्जियां आसानी से उगा सकते हैं और पूरी सर्दियां बैठकर उनका मजा ले सकते हैं.
अक्टूबर में ही क्यों लगाएं सर्दियों की सब्जियां?
सर्दियों की ज्यादातर सब्जियों के लिए अक्टूबर से नवंबर तक का समय काफी बेहतर माना जाता है. इस समय टेंपरेचर न ज्यादा गर्म होता है और न ज्यादा ठंडा, जिससे बीज जल्दी अंकुरित होते हैं और पौधों की ग्रोथ अच्छी होती है. अगर आप अक्टूबर में शुरुआत कर देते हैं तो दिसंबर-जनवरी तक आपके गार्डन में हरी-भरी फसल तैयार हो सकती है.
1. पालक- मेथी: पालक और मेथी ऐसी सब्जियां हैं जिन्हें उगाने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. इन्हें छोटे गमले या ट्रे में भी आसानी से लगाया जा सकता है. बीज बोने के कुछ हफ्तों बाद ही इसकी पत्तियां काटकर इस्तेमाल की जा सकती हैं. खास बात ये है कि सही देखभाल करने पर एक ही पौधे से कई बार पत्तियां ली जा सकती हैं.
2. धनिया: धनिया के बिना भारतीय खाने का स्वाद अधूरा लगता है. अक्टूबर का मौसम धनिया उगाने के लिए काफी अच्छा होता है. आप इसे छोटे गमले, प्लास्टिक बॉक्स या ट्रे में भी उगा सकते हैं. समय-समय पर बीज लगाने से पूरे सर्दी के मौसम में ताजा धनिया मिलता रहेगा.
3. मटर: सर्दियों में मिलने वाली मीठी हरी मटर को आप घर पर भी उगा सकते हैं. इसके लिए अक्टूबर में बीज लगाने का सही समय होता है. मटर के पौधे को थोड़ा सहारा देने के लिए लकड़ी की स्टिक या रस्सी का इस्तेमाल किया जा सकता है. कुछ समय बाद ही बेल पर हरी और ताजी-ताजी मटर आने लगेगी.
4. गाजर: बहुत से लोगों को लगता है कि गाजर सिर्फ खेतों में ही उग सकती है, लेकिन ऐसा नहीं है. सही गहराई वाले गमले या ग्रो बैग में इसे घर पर भी लगाया जा सकता है. ध्यान रखें कि गाजर के लिए मिट्टी थोड़ी भुरभुरी होनी चाहिए, ताकि जड़ अच्छी तरह फैल सके.
5. मूली: मूली उगाना भी बहुत आसाना होता है. ये सर्दियों में उगाने के लिए ये बढ़िया ऑप्शन है. इसे ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती और ये 30-45 दिन में तैयार हो जाती है. मूली के साथ इसकी पत्तियों का भी इस्तेमाल पराठे, सब्जी और सलाद में किया जा सकता है.
6. ब्रोकली: ब्रोकली बाजार में अक्सर महंगी मिलती है, लेकिन इसे घर पर उगाना मुश्किल नहीं है. अक्टूबर में इसके पौधे लगाने का अच्छा समय होता है. इसे थोड़ी बड़ी जगह वाले गमले या ग्रो बैग में लगाएं और मिट्टी में अच्छी मात्रा में खाद मिलाएं, ताकि पौधे को पोषण मिलता रहे.
7. फूलगोभी: फूलगोभी भी अक्टूबर में लगाने वाली बेहतरीन सब्जियों में शामिल है. सही धूप और पोषण मिलने पर यह घर के गार्डन में अच्छी तरह तैयार हो सकती है.
पौधे लगाने से पहले मिट्टी में करें ये छोटा सा बदलाव
अगर आप चाहते हैं कि सब्जियां अच्छे से उगें तो उसके लिए सिर्फ बीज डालना काफी नहीं है. सबसे पहले मिट्टी को तैयार करें. पुरानी मिट्टी में गोबर की खाद, वर्मीकम्पोस्ट या घर की बनी खाद मिलाएं. गमले में पानी निकलने की जगह जरूर होनी चाहिए, ताकि जड़ों में पानी जमा न हो.