Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने पूरे देश को दहला दिया. भूकंप के झटके इतने तेज थे कि एक बेसबॉल स्टेडियम में चल रहे मुकाबले के दौरान खिलाड़ी और हजारों दर्शक अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्टेडियम को हिलते हुए और लोगों को घबराकर निकास द्वारों की तरफ दौड़ते देखा जा सकता है.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था. इसके एक मिनट से भी कम समय बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली 7.5 तीव्रता का भूकंप आया. दोनों भूकंपों का केंद्र तटीय शहर मोरोन के पास था, जो राजधानी काराकास से लगभग 104 मील पश्चिम में स्थित है.
BREAKING: Players and spectators ran for their lives after powerful earthquake hits Venezuela during the baseball game pic.twitter.com/csxkESm4VC
— Insider Paper (@TheInsiderPaper) June 24, 2026
विशेषज्ञों के मुताबिक दोनों भूकंप उथली गहराई (Shallow Earthquakes) पर आए, जिसके कारण झटकों की तीव्रता अधिक महसूस की गई. इसका असर उत्तरी वेनेजुएला के बड़े हिस्से में देखा गया, जबकि पड़ोसी देश कोलंबिया तक भी कंपन महसूस किए गए.
काराकास में इमारतों को नुकसान
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार भूकंप शाम करीब 6 बजे आया. राजधानी काराकास में कई इमारतें हिलने लगीं, जिसके बाद लोग तुरंत बाहर निकल आए. कई स्थानों पर दीवारें गिर गईं और मलबा सड़कों पर बिखर गया. कुछ इलाकों में धूल के बड़े गुबार उठते देखे गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोग लंबे समय तक सड़कों पर ही रुके रहे. कई परिवार अपने पालतू जानवरों को लेकर खुले स्थानों पर बैठ गए. शहर के व्यस्त बाजार, रेस्तरां और कारोबारी इलाकों में भी दहशत का माहौल रहा.
100 साल में सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल
न्यूयॉर्क डेली न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक ये भूकंप पिछले एक सदी में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में गिने जा रहे हैं. हालांकि बुधवार देर रात तक नुकसान की वास्तविक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई थी.
सुनामी अलर्ट जारी, फिर हटाया गया
भूकंप के बाद प्यूर्टो रिको और अमेरिकी वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी की गई थी. हालांकि बाद में अधिकारियों ने खतरा टलने की पुष्टि करते हुए चेतावनी वापस ले ली.
नुकसान और हताहतों का आकलन जारी
प्रशासनिक एजेंसियां और आपदा राहत टीमें लगातार प्रभावित इलाकों का सर्वे कर रही हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भूकंप से कितनी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और कितने लोग प्रभावित हुए हैं. अधिकारियों ने कहा है कि विस्तृत जानकारी जुटाने का काम जारी है.