इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) -14 के अब तीन मैचों में हार का सामना कर चुकी राजस्थान रॉयल्स (RR) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. टीम के कई विदेशी खिलाड़ी साथ छोड़ चुके हैं. ऐसे में उसके पास अब विदेश के सिर्फ चार खिलाड़ी रह गए हैं. अंक तालिका में छठे नंबर पर काबिज राजस्थान के पास विदेशी खिलाड़ियों के रूप में जोस बटलर, डेविड मिलर, क्रिस मॉरिस और मुस्ताफिजुर रहमान ही रह गए हैं.
स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर चोटिल होने के कारण आईपीएल से बाहर हैं, जबकि लियाम लिविंगस्टोन ‘बबल’ थकान का हवाला देते हुए घर लौट गए. रविवार को एंड्रयू टाई ने भारत में कोविड-19 मामलों की वृद्धि से डर का हवाला देते हुए ऑस्ट्रेलिया लौटने का फैसला किया. खिलाड़ियों के हटने के कारण राजस्थान रॉयल्स सबसे बुरी तरह प्रभावित टीम बन गई है.
टीम के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘टीम खिलाड़ियों को ऋण पर लेने की योजना बना रही है और इसके बारे में अन्य फ्रेंचाइजियों को लिखा है, लेकिन फिलहाल कुछ भी तय नहीं हुआ है.’आईपीएल का ऋण समय (लोन विंडो) सोमवार को शुरू हुआ है और यह लीग मैचों के खत्म होने तक जारी रहेगा.
Liam Livingstone has flown back home late last night, due to bubble fatigue accumulated over the past year. We understand and respect his decision, and will continue supporting him in any way we can.
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals)
IPL: मंझधार में फंसी RR... बीच टूर्नामेंट में साथ छोड़ गए 4 विदेशी खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया और राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज एंड्रयू टाई ने भारत में कोरोना मामलों के बढ़ने के कारण अपने देश में प्रवेश निषेध होने की आशंका से आईपीएल बीच में ही छोड़ दिया. 34 साल के टाई ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 वनडे और 28 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, उन्हें टूर्नामेंट के इस चरण में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला. उन्होंने पिछला मैच फरवरी में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ बिग बैश लीग में खेला था.
आईपीएल नियमों के मुताबिक दो से कम मैच खेलने वाले खिलाड़ी को ऋण दिया जा सकता है और वह अपने घरेलू फ्रेंचाइजी के खिलाफ नहीं खेल सकता है. राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पांच मैचों में दो जीत दर्ज की है और गुरुवार को उन्हें दिल्ली में अपना अगला मैच खेलना है.