फीफा वर्ल्ड कप में मौजूदा चैम्पियन अर्जेंटीना ने रोमांच से भरपूर मुकाबले में केप वर्डे को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ-16 में प्रवेश कर लिया. शनिवार को मियामी गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही केप वर्डे ने अर्जेंटीना को आखिरी पलों तक कड़ी चुनौती दी, लेकिन एक्स्ट्रा टाइम के 111वें मिनट में हुए ओन गोल ने मैच का फैसला कर दिया.
अर्जेंटीना की जीत का निर्णायक गोल केप वर्डे के डिफेंडर डाइनी बोर्जेस के नाम ओन गोल (own goal)के रूप में दर्ज हुआ. क्रिस्टियन रोमेरो के हेडर को रोकने की कोशिश में गेंद बोर्जेस से टकराकर गोल में चली गई और अर्जेंटीना ने 3-2 की बढ़त बना ली, जो अंत तक कायम रही.
Argentina's extra time winner sends them to the Round of 16! 👏#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 4, 2026
इससे पहले कप्तान लियोनेल मेसी ने 29वें मिनट में शानदार गोल कर अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई. लिसांद्रो मार्टिनेज ने एक्स्ट्रा टाइम के 103वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 2-1 किया.
हालांकि केप वर्डे ने दो बार शानदार वापसी की. सिडनी लोपेस कैब्राल ने पहला बराबरी का गोल किया, जबकि डेरॉय डुआर्टे ने दूसरा इक्वलाइजर दागकर साउथ फ्लोरिडा में मौजूद बड़ी संख्या में अर्जेंटीना समर्थकों को चौंका दिया.
अब अर्जेंटीना का सामना राउंड ऑफ-16 में मिस्र से होगा. मिस्र ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर अगले दौर में जगह बनाई थी. दोनों टीमों के बीच मुकाबला मंगलवार को अटलांटा में खेला जाएगा.
The only player in @FIFAWorldCup history to score in eight successive games... Lionel Messi 👏 pic.twitter.com/yRJCOF0BNT
— FIFA (@FIFAcom) July 3, 2026
केप वर्डे ने दिल जीता
हार के बावजूद केप वर्डे ने अपने पहले ही वर्ल्ड कप में यादगार प्रदर्शन किया. पश्चिमी अफ्रीका के तट के पास स्थित इस छोटे से द्वीपीय देश ने इतिहास रचते हुए नॉकआउट चरण में जगह बनाई. 40 वर्षीय गोलकीपर वोजिन्हा की शानदार गोलकीपिंग इसकी सबसे बड़ी वजह रही.
केप वर्डे ने ग्रुप चरण में स्पेन, उरुग्वे और सऊदी अरब जैसी टीमों के खिलाफ ड्रॉ खेलकर सभी को चौंका दिया था. अर्जेंटीना के खिलाफ भी वोजिन्हा ने 10 शानदार सेव किए, जिनमें मेसी के पांच प्रयास शामिल थे.
मेसी ने फिर बनाया रिकॉर्ड, एम्बाप्पे पर बनाई बढ़त
मेसी ने मैच के 29वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज के शानदार लॉन्ग पास पर बेहतरीन रन लगाया, पहला टच लिया और फिर गोलकीपर वोजिन्हा के ऊपर से जोरदार शॉट लगाकर गेंद को नेट की छत में पहुंचा दिया.
यह मेसी के करियर का 20वां वर्ल्ड कप गोल रहा, जो इस टूर्नामेंट में उनका सातवां गोल भी है. गोल्डन बूट की दौड़ में वह अब फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे से एक गोल आगे निकल गए हैं. वहीं मेसी ने वर्ल्ड कप में अपना रिकॉर्ड और मजबूत करते हुए एमबाप्पे पर दो गोल की बढ़त बना ली. लगातार आठ वर्ल्ड कप मैचों में स्कोर करने के दौरान मेसी अब तक 12 गोल कर चुके हैं.