scorecardresearch
 

FIFA वर्ल्ड कप में हाई वोल्टेज ड्रामा... एम्बाप्पे ने नहीं मिलाया हाथ तो भड़का गोलकीपर, मैच के बाद की ऐसी हरकत

पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंड गिल मैच समाप्ति के बाद कीलियन एम्बाप्पे से हैंडशेक करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन फ्रेंच स्ट्राइकर ने उनसे हाथ नहीं मिलाया. इसके बाद ऑरलैंडो गिल ने गेंद को कीलियन एम्बाप्पे की तरफ फेंकी, जो सीधे उनके पीठ पर जा लगी.

Advertisement
X
मैदान पर ऑरलैंडो गिल और एम्बाप्पे के बीच तनातनी. (Photo: Reuters)
मैदान पर ऑरलैंडो गिल और एम्बाप्पे के बीच तनातनी. (Photo: Reuters)

फीफा वर्ल्ड कप में फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर लगातार चौथी बार क्वार्टर फाइनल का टिकट तो हासिल कर लिया, लेकिन इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा कीलियन एम्बाप्पे और पराग्वे के खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक रही. मैदान पर शुरू हुआ तनाव अंतिम सीटी बजने के बाद भी खत्म नहीं हुआ.

मैच खत्म होते ही पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने खेल भावना दिखाते हुए कीलियन एम्बाप्पे से हाथ मिलाना चाहा, लेकिन फ्रांस के स्टार खिलाड़ी बिना प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गए. इससे नाराज गिल ने गेंद उठाकर एम्बाप्पे की पीठ पर मार दी. यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया.

फिलाडेल्फिया स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के दौरान तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास था. भीषण गर्मी के चलते खिलाड़ियों को कई बार हाइड्रेशन ब्रेक लेना पड़ा, लेकिन मैदान पर मुकाबला लगातार गरमाता गया. पराग्वे ने शुरुआत से ही एम्बाप्पे को रोकने के लिए आक्रामक रणनीति अपनाई. कई बार फ्रेंच स्टार को कड़ी टैकल का सामना करना पड़ा. एंड्रेस क्यूबास और माटियास गलार्जा की चुनौती के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए और कुछ देर तक धक्का-मुक्की भी हुई.

Advertisement

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एम्बाप्पे भी पूरे मैच के दौरान स्पेनिश भाषा में पराग्वे के खिलाड़ियों को जवाब देते रहे और मानसिक दबाव बनाने की कोशिशों का उसी अंदाज में सामना किया. करीब 70वें मिनट में डिएगो गोमेज द्वारा किए गए फाउल की VAR के जरिए समीक्षा हुई, जिसके बाद फ्रांस को पेनल्टी मिली. दबाव के बीच एम्बाप्पे ने शानदार अंदाज में पेनल्टी को गोल में बदला और फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिला दी. यह गोल अंत तक निर्णायक साबित हुआ. हालांकि पराग्वे ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन फ्रांस की रक्षा पंक्ति और गोलकीपर ने उन्हें सफल नहीं होने दिया.

इस गोल के साथ कीलियन एम्बाप्पे के नाम अब 19 वर्ल्ड कप गोल हो गए हैं. वह अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के 20 गोल के रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल दूर हैं. मौजूदा टूर्नामेंट में एम्बाप्पे और मेसी दोनों के खाते में सात-सात गोल हैं और गोल्डन बूट की दौड़ भी बेहद रोमांचक हो गई है. इतना ही नहीं, एम्बाप्पे लगातार तीन अलग-अलग वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में कम से कम तीन गोल करने वाले पहले फुटबॉलर भी बन गए.

एम्बाप्पे ने पराग्वे की टीम पर साधा निशाना
मैच के बाद कीलियन एम्बाप्पे ने पराग्वे की रणनीति पर तंज कसते हुए कहा, 'हमें पहले से पता था कि मैच कैसा होने वाला है. जरूरत पड़ने पर हम भी सख्त फुटबॉल खेलना जानते हैं. शायद उन्हें लगा होगा कि हम टक्सीडो पहनकर मैदान में उतरेंगे, लेकिन हम हर तरह की चुनौती के लिए तैयार थे.'

Advertisement

दूसरी ओर पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल का मानना था कि अगर फ्रांस को पेनल्टी नहीं मिलती तो मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम तक जा सकता था. उन्होंने कहा, 'अगर वह पेनल्टी नहीं मिलती, तो हम मैच को एक्स्ट्रा टाइम तक ले जाते.'

फ्रांस का सामना 10 जुलाई को क्वार्टर फाइनल में मोरक्को से होगा. स्कोरलाइन सिर्फ 1-0 रहा, लेकिन भीषण गर्मी, खिलाड़ियों के बीच लगातार टकराव, एम्बाप्पे का निर्णायक गोल और मैच खत्म होने के बाद ऑरलैंडो गिल के साथ विवाद... इन सबने इस मुकाबले को टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल कर दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement