भारत और पाकिस्तान की टीम्स मैदान पर एक बार फिर आमने-सामने होंगी. SAFF (दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ) चैम्पियनशिप 2026 के लिए हुए ड्रॉ में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों को ग्रुप B में रखा गया है, जहां मालदीव भी उनके साथ मौजूद है. यह टूर्नामेंट 4 से 17 नवंबर तक बांग्लादेश की राजधानी ढाका में खेला जाएगा.
ड्रॉ का आयोजन शनिवार (1 अगस्त) को भूटान की राजधानी थिम्पू में किया गया. भारतीय फुटबॉल टीम मौजूदा चैम्पियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगी. भारत ने SAFF चैम्पियनशिप 2023 के फाइनल में कुवैत को हराकर खिताब अपने नाम किया था.
इस बार भी भारतीय टीम पर खिताब बचाने की जिम्मेदारी होगी. लेकिन फैन्स की निगाहें अभी से भारत-पाकिस्तान मैच पर टिक गई हैं. दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण काफी देखने को मिलते हैं, ऐसे में यह मैच खास आकर्षण का केंद्र होगा.
कब होगा भारत-PAK का मैच?
भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला 5 नवंबर को खेला जाएगा. फिर भारतीय टीम 11 नवंबर को मालदीव से भिड़ेगी. सेमीफाइनल मुकाबले 14 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 17 नवंबर को होगा. बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 25 मुकाबले हुए हैं. इस दौरान भारतीय फुटबॉल टीम ने 16 मैच जीते, सात मुकाबले ड्रॉ रहे और केवल दो में टीम इंडिया को हार मिली. दोनों के बीच आखिरी मुकाबला SAFF चैम्पियनशिप 2023 में हुआ था, जिसमें भारत ने 4-0 से शानदार जीत हासिल की थी.
SAFF चैम्पियनशिप 2026 में हर टीम अपने ग्रुप की बाकी दो टीमों से एक-एक मैच खेलेगी. दोनों ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. हालांकि शुरुआती योजना के अनुसार इस बार सात टीमें हिस्सा लेने वाली थीं, लेकिन अब प्रतियोगिता में छह टीमें ही खेलेंगी. टूर्नामेंट का प्रारूप छोटा होने के बावजूद मुकाबले बेहद कड़े होने की उम्मीद है.
ग्रुप A
बांग्लादेश
भूटान
नेपाल
ग्रुप B
भारत
पाकिस्तान
मालदीव
SAFF चैम्पियनशिप से पहले पाकिस्तान की टीम FIFA ASEAN Cup में भी हिस्सा लेगी. यह पाकिस्तानी मेन्स फुटबॉल टीम के लिए पहला फीफा टूर्नामेंट होगा. पाकिस्तान को वियतनाम, थाईलैंड और फिलीपींस के साथ ग्रुप में रखा गया है. जबकि भारतीय टीम इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर के खिलाफ खेलेगी.