scorecardresearch
 

FIFA World Cup 2026: उस्मान डेम्बेले की हैट्रिक से पस्त हुआ नॉर्वे, वर्ल्ड कप में फ्रांस का विजयी अभियान जारी

उस्मान डेम्बेले और कीलियन एम्बाप्पे जैसे खिलाड़ियों की शानदार फॉर्म को देखते हुए फ्रांस इस बार खिताब का प्रबल दावेदार नजर आ रहा है. अगर यही लय बरकरार रही तो फ्रांस को रोकना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा.

Advertisement
X
उस्मान डेम्बेले ने लगाई हैट्रिक (Photo: Reuters)
उस्मान डेम्बेले ने लगाई हैट्रिक (Photo: Reuters)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस का जबरदस्त प्रदर्शन जारी है. स्टार फॉरवर्ड उस्मान डेम्बेले की शानदार हैट्रिक की बदौलत फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हराकर ग्रुप स्टेज का समापन जीत के साथ किया. डेम्बेले ने गोल्डन बूट की रेस में भी जोरदार एंट्री मार दी है, जहां पहले से कीलियन एम्बाप्पे और लियोनेल मेसी जैसे दिग्गज दावेदारी पेश कर रहे हैं.

मैच की शुरुआत से ही फ्रांस ने आक्रामक तेवर दिखाए. शनिवार (27 जून) को फॉक्सबोरो के बोस्टन स्टेडियम में हुए इस मुकाबले के सातवें मिनट में उस्मान डेम्बेले ने कीलियन एम्बाप्पे के पास पर शानदार गोल दागकर फ्रांस को बढ़त दिलाई. इसके बाद 20वें मिनट में उन्होंने बॉक्स के बाहर से बेहतरीन फिनिश के जरिए अपना दूसरा गोल किया. डेम्बेले के दूसरे गोल के बाद नॉर्वे ने तुरंत जवाब दिया. थेलो आसगार्ड ने रीस्टार्ट के महज 14 सेकंड बाद गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया.

हालांकि फ्रांस ने दबाव बनाए रखा और उस्मान डेम्बेले ने तीसरा गोल कर नॉर्वे की उम्मीदों को झटका दे दिया. 32वें मिनट में उन्होंने यह गोल दाग अपनी हैट्रिक पूरी कर ली. 1994 के बाद ऐसा पहली बार हुआ, जब वर्ल्ड कप में किसी खिलाड़ी ने पहले ही हाफ में हैट्रिक बनाई. रूस के ओलेग सालेंको ने 1994 विश्व कप में कैमरून के खिलाफ पहले हाफ में तीन गोल किए थे.

Advertisement

2025 के बेलोन डी'ओर विजेता उस्मान डेम्बेले अब इस विश्व कप में चार गोल कर चुके हैं. लियोनेल मेसी 5 गोल के साथ इस लिस्ट में पहले नंबर पर हैं. जबकि फ्रांस के कीलियन एम्बाप्पे 4 गोल और 2 असिस्ट के साथ दूसरे पायदान पर हैं. डेम्बेले के शानदार प्रदर्शन ने गोल्डन बूट की रेस को और रोमांचक बना दिया है.

इस मुकाबले के दौरान दूसरे हाफ में नॉर्वे को पेनल्टी भी मिली, लेकिन जॉर्गेन स्ट्रैंड लार्सन का शॉट फ्रांस के गोलकीपर माइक मैगनन ने शानदार तरीके से बचा लिया. इंजरी टाइम में डेसिरे डोए ने फ्रांस के लिए चौथा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी. फ्रांस ने ग्रुप चरण में तीन मैचों में 10 गोल दाग अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया.

फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेसचैम्प्स इस मुकाबले में टीम के साथ नहीं थे. अपनी मां जिनेट डेसचैम्प्स के निधन के कारण वह परिवार के साथ फ्रांस में थे. उनकी जगह सहायक कोच गाय स्टेफन ने टीम की जिम्मेदारी संभाली. मैच से पहले फ्रांसीसी प्रशंसकों ने 'AVEC TOI DIDIER' (हम आपके साथ हैं डिडिएर) लिखे बैनर के जरिए अपने कोच को समर्थन दिया.

1998 और 2018 की विश्व चैम्पियन टीम फ्रांस पहले ही नॉकआउट दौर में जगह पक्की कर चुकी थी. अब टीम राउंड ऑफ 32 में एक सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीम से भिड़ेगी. वहीं नॉर्वे का सामना राउंड ऑफ 32 में आइवरी कोस्ट से होगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement