scorecardresearch
 

Zim vs SA T20 WC Highlights: साउथ अफ्रीका का विजय रथ जारी... जिम्बाब्वे को 5 विकेट से रौंदा, अब सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से टक्कर

Zimbabwe vs South Africa T20 World Cup 2026: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टक्कर हुई. इस मुकाबले को साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट से अपने नाम किया. साउथ अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका था.

Advertisement
X
टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका-जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला हुआ. (Photo: AFP/Getty Images)
टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका-जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला हुआ. (Photo: AFP/Getty Images)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच नंबर-51 में रविवार (1 मार्च) को साउथ अफ्रीका का सामना जिम्बाब्वे से हुआ. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए सुपर-8 स्टेज के इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट से जीत हासिल की. जिम्बाब्वे ने साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 154 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 17.5 ओवर में हासिल कर लिया.

साउथ अफ्रीका की मौजूदा टूर्नामेंट में ये लगातार सातवीं जीत रही. इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ग्रुप-1 में 6 अंकों के साथ टॉप पर रहा. साउथ अफ्रीका अब सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करेगा. वो मुकाबला 4 मार्च (बुधवार) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा.

रनचेज में साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 14 रनों के स्कोर तक क्विंटन डिकॉक (0 रन) और एडेन मार्करम (4 रन) के विकेट खो दिए. दोनों सलामी बल्लेबाजों को जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी फिरकी में फंसाया. रयान रिकेल्टन ने कुछ बड़े शॉट्स खेले, लेकिन उनकी इनिंग्स ज्यादा देर तक नहीं चली. रिकेल्टन ने चार छक्के की मदद से 22 बॉल पर 31 रनों का योगदान दिया.

इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर के बीच चौथे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई. ब्रेविस ने सिर्फ 18 बॉल पर 42 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल रहे. वहीं मिलर के बल्ले से 22 रन निकले. मिलर ने अपनी इनिंग्स में दो चौके और दो छक्के जड़े. यहां से जॉर्ज लिंडे और ट्रिस्टन स्टब्स ने छठे विकेट के लिए 53 रनों की मैच विनिंग साझेदारी की. स्टब्स ने 21* और जॉर्ज लिंडे ने 30* रन बनाए.

Advertisement

सिकंदर रजा ने जड़ी फिफ्टी
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए जिम्बाब्वे ने सात विकेट पर 153 रन बनाए. जिम्बाब्वे की ओर से सबसे उम्दा प्रदर्शन कप्तान सिकंदर रजा ने किया. रजा ने 8 चौके और चार छक्के की मदद से 43 गेंदों पर 73 रनों की पारी खेली. क्लाइव मडांडे ने 20 बॉल नाबाद 26 रनों का योगदान दिया, जिसमें तीन चौके शामिल रहे.

सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट (15 रन) और डियोन मायर्स (11 रन) भी दोहरे अंकों तक पहुंचने में कामयाब रहे. साउथ अफ्रीका के लिए क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने दो-दो विकेट झटके. जबकि एनरिक नॉर्किया, जॉर्ज लिंडे और लुंगी एनगिडी ने एक-एक विकेट हासिल किया.

मुकाबले में साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्किया, क्वेना मफाका और लुंगी एनगिडी.

मुकाबले में जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन: तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, क्लाइव मडांडे, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ग्रीम क्रेमर और ब्लेसिंग मुजारबानी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement