scorecardresearch
 

प्लेयर ऑफ द सीरीज बने वैभव सूर्यवंशी... लेकिन कोच वीवीएस लक्ष्मण ने बता दी सबसे बड़ी कमी

वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बनाई है. हालांकि वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि अगर वैभव अपनी फिटनेस पर और मेहनत करते हैं, तो वह आने वाले वर्षों में भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद मैच विनर्स में शामिल हो सकते हैं.

Advertisement
X
वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे टूर पर 151 रन बनाए, जीता प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड. (Photo: Screengrab/FanCode)
वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे टूर पर 151 रन बनाए, जीता प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड. (Photo: Screengrab/FanCode)

जिम्बाब्वे दौरे पर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने टीम इंडिया के लिए तूफानी अंदाज में बैटिंग की. टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 49 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेलने वाले वैभव को ना सिर्फ प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, बल्कि पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड भी मिला.

तीसरे टी20I की समाप्ति के बाद टीम इंडिया के कार्यवाहक हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण ने युवा बल्लेबाज को लेकर कई अहम खुलासे किए. लक्ष्मण ने बताया कि वैभव की सफलता कोई अचानक हुई कहानी नहीं है. बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) पिछले ढाई साल से उनकी प्रगति पर लगातार नजर रखे हुए था और उन्हें भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा था.

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में लक्ष्मण ने कहा कि वैभव की प्रतिभा पहली बार 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले आयोजित विजयवाड़ा क्वाड्रैंगुलर सीरीज के दौरान सामने आई थी. उन्होंने कहा, 'करीब ढाई साल पहले हमने पहली बार वैभव को करीब से देखा. वह विजयवाड़ा में हुई क्वाड्रैंगुलर सीरीज में इंडिया-बी की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल था. तभी हमें महसूस हो गया था कि यह खिलाड़ी भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए खास साबित हो सकता है.'

Advertisement

मानसिक तैयारी पर भी दे रहे जोर
वीवीएस लक्ष्मण ने बताया कि इसके बाद वैभव लगातार बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के कैम्पों का हिस्सा रहे. अंडर-19 स्तर पर भी उन्होंने लगातार रन बनाए और हर स्तर पर खुद को साबित किया. लक्ष्मण ने कहा कि भारतीय टीम का सपोर्ट स्टाफ सिर्फ वैभव के खेल पर ही नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और मानसिक तैयारी पर भी बराबर काम करता रहा है.

उन्होंने कहा, 'हम सिर्फ खिलाड़ी को नहीं जानते, बल्कि इंसान के तौर पर भी वैभव को अच्छी तरह समझते हैं. हमें पता है कि किस परिस्थिति में वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है. हमारी कोशिश हमेशा यही रहती है कि मैच से पहले वह मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहे.'

पूर्व भारतीय बल्लेबाज के मुताबिक पिछले छह महीनों में वैभव की सोच और मैच को समझने की क्षमता में जबरदस्त सुधार हुआ है. वीवीएस लक्ष्मण ने कहा, 'पिछले छह महीनों में उसकी परिपक्वता, खेल को पढ़ने की क्षमता और मैच अवेयरनेस में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है. यही वजह है कि वह दबाव वाले मुकाबलों में भी बेखौफ खेल रहा है और बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को साबित कर रहा है.'
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर ने जारी रखी एमएस धोनी वाली परंपरा, जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज जीतकर इन्हें थमा दी ट्रॉफी

Advertisement

वैभव की फिटनेस को लेकर चिंतित लक्ष्मण
वैभव की जमकर तारीफ करने के बाद लक्ष्मण ने उनकी सबसे बड़ी चुनौती का भी जिक्र किया. उन्होंने साफ कहा कि युवा बल्लेबाज को अपनी ओवरऑल फिटनेस पर अभी काफी मेहनत करनी होगी. उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि वैभव अपनी समग्र फिटनेस में और सुधार करे. हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वह अभी सिर्फ 15 साल का है. उसके पास सीखने और आगे बढ़ने के लिए काफी समय है. अच्छी बात यह है कि वह खुद भी अपने खेल के हर पहलू में बेहतर बनने के लिए बेहद उत्साहित रहता है.'
यह भी पढ़ें: 110 विकेट, IPL में कमाल..., अब टीम इंडिया के लिए डेब्यू, कौन हैं यश ठाकुर?

वीवीएस लक्ष्मण ने तीसरे टी20I का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि मैच के दौरान चोट लगने के बावजूद वैभव मैदान से बाहर नहीं आना चाहते थे. उन्होंने कहा, 'आज भी चोट लगने के बाद वह मैदान पर बने रहना चाहता था. लेकिन हमारी फिजियो टीम ने उसे बाहर आने के लिए कहा. यही दिखाता है कि टीम के लिए खेलने का उसका जुनून कितना बड़ा है.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement