भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे बड़े सितारे इस समय चोट से जूझ रहे हैं, लेकिन दोनों की स्थिति एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है. रोहित शर्मा के अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने की उम्मीद है, वहीं इस सीरीज से बाहर हुए विराट कोहली को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित जल्द ही फिटनेस टेस्ट देने वाले हैं, जबकि कोहली करीब छह सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम मैनेजमेंट की नजरें रोहित शर्मा की फिटनेस पर टिकी हैं. IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हुए रोहित 8 जून को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट करेंगे, जहां उनकी फिटनेस का विस्तृत आकलन किया जाएगा.
मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते हुए रोहित शर्मा को हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी. चोट के कारण वह पांच मुकाबलों से बाहर रहे, जबकि बाकी मैचों में उन्होंने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर हिस्सा लिया. हालांकि टूर्नामेंट खत्म होने के बाद उनकी चोट को लेकर ज्यादा चिंता नहीं जताई गई थी.
रोहित को लेकर CoE में साफ होगी तस्वीर
अब भारतीय टीम को उम्मीद है कि रोहित अफगानिस्तान सीरीज के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगे. TOI की रिपोर्ट के अनुसार रोहित बेंगलुरु स्थित सीओई में तीन दिन बिताएंगे. इस दौरान उन्हें कई फिटनेस ड्रिल्स, रनिंग टेस्ट और बल्लेबाजी सत्रों से गुजरना होगा. खास तौर पर फ्लडलाइट्स में बल्लेबाजी का अभ्यास भी उनकी फिटनेस जांच का हिस्सा होगा. अगर सभी रिपोर्ट सकारात्मक रहती हैं तो रोहित 11 जून को धर्मशाला में भारतीय टीम से जुड़ जाएंगे और 13 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में मैदान पर उतर सकते हैं.
एक सूत्र ने बताया, 'रोहित का पूरा कार्यक्रम तैयार है. वह 8 जून को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचेंगे और करीब तीन दिन तक वहां रहेंगे. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो वह 11 जून को टीम इंडिया के साथ जुड़ जाएंगे.' जहां रोहित को लेकर राहत की खबर है, वहीं विराट कोहली की चोट ने भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खिताब दिलाने वाले कोहली फाइनल के दौरान असहज नजर आए थे. मेडिकल जांच में पता चला कि उन्हें हैमस्ट्रिंग टियर हुआ है.
इस चोट के चलते वह पहले ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं. लेकिन अब खबर है कि उनकी वापसी में करीब छह सप्ताह का समय लग सकता है. ऐसे में जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में भी उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है.
विराट कोहली की क्या सर्जरी होगी?
हालांकि विराट कोहली को सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन उन्हें लंबी रिहैब प्रक्रिया से गुजरना होगा. उनकी MRI रिपोर्ट की समीक्षा मशहूर ऑर्थोपेडिक सर्जन दिनशॉ पारदीवाला ने की है और फिलहाल वह उनकी निगरानी में हैं. रिपोर्ट के मुताबिक विराट कोहली को हैमस्ट्रिंग टियर हुआ है. चोट गंभीर जरूर है, लेकिन सर्जरी की जरूरत नहीं है. उन्हें पूरी तरह फिट होने में लगभग छह सप्ताह लग सकते हैं. इस दौरान उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब भी करनी होगा.'
भारतीय टीम के लिए यह स्थिति काफी अहम है, क्योंकि अगले कुछ हफ्तों में टीम को अफगानिस्तान और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ महत्वपूर्ण सीरीज खेलनी हैं. ऐसे में रोहित शर्मा की वापसी टीम के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है, जबकि विराट कोहली की गैरमौजूदगी बल्लेबाजी क्रम पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है.