इस वक्त भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा सवाल हैृ- वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका कब मिलेगा? सवाल सिर्फ इतना नहीं कि 15 साल का यह बल्लेबाज भारतीय टीम में कब आएगा, बल्कि यह भी कि जब वह आएगा तो प्लेइंग इलेवन में उसकी जगह कौन छोड़ेगा?
मौजूदा समीकरणों को देखें तो एक बात लगभग तय नजर आती है- वैभव अब टीम इंडिया की जर्सी पहनने के लिए तैयार हैं. बहस चयन को लेकर नहीं, बल्कि समय और फॉर्मेट को लेकर है. क्या उनकी एंट्री टी20 से होगी, वनडे से या फिर किसी बड़े टूर्नामेंट के जरिए?
आईपीएल 2026 में वैभव ने जो किया, उसके बाद चयनकर्ताओं के लिए उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा. उन्होंने 776 रन बनाए, 237 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट रखा, 72 छक्के जड़े और ऑरेंज कैप समेत पांच बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए. यह सिर्फ एक शानदार सीजन नहीं था, बल्कि भारतीय क्रिकेट को मिले एक असाधारण टैलेंट का ऐलान था.
यही वजह है कि क्रिकेट जगत के दिग्गज भी उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. सचिन तेंदुलकर हों, विराट कोहली हों या शुभमन गिल, सभी ने खुलकर उनकी सराहना की है.
भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने तो यहां तक कह दिया कि उन्होंने इतनी कम उम्र में ऐसा बल्लेबाज नहीं देखा. उनके मुताबिक वैभव में वह क्षमता है जो उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों की कतार में खड़ा कर सकती है.
Swept the field with his skills. Swept the season with awards 🏆
— IndianPremierLeague (@IPL) May 31, 2026
1️⃣5️⃣ years old and already needing a bigger trophy cabinet 👏#TATAIPL | #Final | #TheFinalLeap | #RCBvGT pic.twitter.com/bIYKIHfgRD
विराट कोहली ने भी वैभव को सलाह देते हुए कहा कि लोगों की बातों और तारीफों में उलझने की जरूरत नहीं है. जो कुछ हासिल हुआ है, वह कड़ी मेहनत का नतीजा है और आगे बढ़ने के लिए उसी पर फोकस बनाए रखना होगा.
#VaibhavSooryavanshi has captured the imagination of cricket fans everywhere, but what does #SachinTendulkar make of his performances? 🤔
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 30, 2026
Watch #CricinfoHonours 👉 Star Sports, JioHotstar & Cricinfo! pic.twitter.com/YroxjGBdrp
From Master Blaster to Boss Baby! 🗣️👏
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 30, 2026
You know you're on the right track when Sachin Tendulkar breaks down your technique! ❤️
Watch #CricinfoHonours 👉 Star Sports, JioHotstar & Cricinfo! pic.twitter.com/el7UrdNojV
उधर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने चयनकर्ताओं के सामने सीधा सवाल रख दिया. उनका कहना था कि अगर कोई खिलाड़ी इस उम्र में इससे बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकता, तो फिर उसे मौका देने में देर किस बात की है?
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में कब चुनोगे? वैभव सूर्यवंशी के समर्थन में उतरा ये दिग्गज, BCCI पर दागा सवाल, VIDEO
मतलब, अब हर तरफ से एक ही आवाज है... वैभव सूर्यवंशी के टीम इंडिया में सेलेक्शन को लेकर. उनके बल्ले से प्रदर्शन को पहले सीजन में तुक्का मानने वाले अब यह कहने लगे हैं कि वैभव जैसा कोई नहीं. क्योंकि तुक्का एक साल हो सकता है, दो साल नहीं.
यह भी पढ़ें: 'एक बिहारी सब पे भारी, फिर खतम गेम', वैभव सूर्यवंशी को विराट कोहली ने कर दिया मोटिवेट, आ गया FULL VIDEO
इस आईपीएल सीजन में तो उन्होंने बुमराह से लेकर कमिंस हर गेंदबाज को धुआं-धुआं कह दिया. किसी को नहीं बख्शा, हां, मोहसिन खान जैसे कुछ अपवाद जरूर रहे...
वैभव की टीम में खेलने वाले जोफ्रा आर्चर ने तो आईपीएल के एक मैच में पोस्ट प्रेजेंटेशन में यह तक कह दिया कि वो नेट में उनको गेंदबाजी नहीं करते हैं. यानी एक बात तो साफ है कि वो अलग है हैं और सुपर स्पेशल.
यह भी पढ़ें: पैट कमिंस को तीन छक्के, बुमराह की कुटाई... और क्या चाहिए वैभव को सीनियर टीम में आने के लिए
अब वापस आते हैं वैभव के डेब्यू के सवाल पर, मौजूदा समय में वैभव के लिए टीम इंडिया के लिए डेब्यू करवाने के लिए टी20 बेहतर ऑप्शन है. वहीं वो वनडे टीम में बैकअप ओपनर के तौर पर शामिल किए जा सकते हैं. वनडे में रोहित शर्मा और शुभमन गिल 2027 वर्ल्ड कप तक स्थापित ही हैं.
सबसे पहले बात कर लेते हैं, उनके टी20 टीम में सेलेक्शन को लेकर?
तो सवाल फिर से वही, वैभव कहां आएंगे और कब खेलेंगे और कौन सा फॉर्मेट खेलेंगे? टीम इंडिया अपना आखिरी टी20 फॉर्मेट का मैच टी20 वर्ल्ड कप फाइनल (8 मार्च 2026, अहमदाबाद) में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी. जहां भारतीय टीम ने 96 रनों से न्यूजीलैंड को हराकर तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीता था.
उस जीतने वाली टीम में संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार व (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह शामिल थे.
अगर इसी टीम से किसी को बाहर करना पड़े तो जाहिर है वैभव को बतौर ओपनर ही खिलाया जाएगा. ऐसे में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा से वैभव सूर्यवंशी का सामना है. तो क्या संजू बाहर होंगे या अभिषेक?
चूंकि संजू सैमसन उस टी20 वर्ल्ड कप के स्टार प्लेयर थे, 89 रन जड़कर वो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में वो 'प्लेयर ऑफ द मैच' थे, 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी वही रहे थे. संजू ने वर्ल्ड कप के महज 5 मैचों में 321 रन 80.25 के एवरेज और 199.37 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे. ऐसे में उनको टीम से हटाना मुश्किल है, वो विकेटकीपर की भी भूमिका निभाते हैं.
अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 की कमजोर कड़ी थे, उन्होंने फाइनल में 21 गेंदों पर 52 रन बनाए थे. तब उन्होंने 8 मैचों में कुल 141 रन बनाए थे, एवरेज भी 17.62 का था. हालांकि वो अभी भी आईसीसी टी20 में नंबर 1 बल्लेबाज हैं. वहीं उन्होंने हाल में संपन्न आईपीएल 2026 में 15 मैचों में 563 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 204.72 का रहा, वहीं एवरेज 40.21 का रहा.
तो क्या अभिषेक पर भारी पड़ेंगे वैभव...
ऐसे में अभिषेक के हालिया आंकड़ों को देखा जाए तो उनको नजरंदाज करना मुश्किल है. वैभव ऐसे में या तो बैकअप ओपनर ओपनर के तौर पर टीम में आ सकते हैं. वहीं दूसरा ऑप्शन और भी जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा है, वो है टीम इंडिया का आयरलैंड का टी20 दौरा ... जो भारतीय टीम का इस साल कैलेंडर ईयर में टी20 का पहला दौरा होगा. आयरलैंड दौरे पर भारत को 2 टी20 खेलने हैं, जो 26 जून और 28 जून को बेलफास्ट में होने हैं. ऐसे में यह दौरा वैभव के लिए एक उपयुक्त मंच साबित हो सकता है. इस बात की पूरी संभावना है कि वैभव की इसी दौरे पर एंट्री होगी. वहीं ऐसी भी संभावना है कि बेबी बॉस को शामिल करने के लिए मिडिल ऑर्डर के भी कुछ खिलाड़ियों की भी छुट्टी की जा सकती है.
वैभव आयरलैंड दौरे के लिए चुने गए और खेले तो ऐसे में सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं, सचिन टीम इंडिया (पुरुष टीम) की ओर से सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं, सचिन ने 16 साल और 205 दिन की छोटी उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, उन्होंने 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लिए अपना पहला टेस्ट मैच खेला था, अपने टेस्ट डेब्यू के कुछ समय बाद, उन्होंने 18 दिसंबर 1989 को 16 साल और 238 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला वन डे इंटरनेशनल (ODI) मैच खेला.
वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था, वो हाल ही में 15 साल के हुए हैं. अगर आयरलैंड दौरे पर उनका सेलेक्शन होता है तो वो सचिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे. यानी सबसे उम्र के भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं. वैसे भारत की ओर से ओवरऑल (महिला पुरुष) में सबसे कम उम्र में क्रिकेट का डेब्यू शेफाली वर्मा के नाम हैं, उन्होंने 15 साल 239 दिन की उम्र में टी20 में इंटरनेशनल में डेब्यू किया था.
या सीधे एशियन गेम्स में होगी वैभव की एंट्री?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस साल सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को भेजी थी. इसमें टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और वनडे-टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को जगह नहीं मिली थी, वहीं 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी लिस्ट में थे.
दरअसल, टीम इंडिया का वेस्टइंडीज दौरा और एशियन गेम्स का क्रिकेट टूर्नामेंट लगभग एक ही समय पर हैं. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज है, जबकि एशियन गेम्स का पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगा. ऐसे में सेलेक्टर्स को दो अलग-अलग टी20 टीमें बनानी पड़ेंगी.
शुभमन गिल के वनडे टीम की कप्तानी संभालने की संभावना को देखते हुए उन्हें एशियन गेम्स की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया था. ऐसे में इस बात की संभावना है कि वैभव की लॉन्चिंग एशियन गेम्स में हो.
वैसे टीम इंडिया के लिए शनिवार का दिन बेहद अहम रहने वाला है. चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति मुंबई में बैठक कर आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन करेगी. इसके अलावा सितंबर में जापान में होने वाले 2026 एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय स्क्वॉड पर चर्चा होगी, जहां वैभव को चुना जा सकता है.
भारत जून में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलेगा, जबकि जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. इसी वजह से चयन समिति के सामने सिर्फ टीम चुनने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि भविष्य की टी20 रणनीति तय करने का भी मौका होगा.
लेकिन कुल मिलाकर जब भी वैभव का सेलेक्शन होगा तो नजर इस बात पर भी होगी कि क्या भारतीय क्रिकेट में एक और नया चैप्टर शुरू होगा, लेकिन उसके साथ यह बहस भी तेज हो जाएगी कि आखिर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम से बाहर कौन जाएगा. पर यह तो तय है कि वैभव की एंट्री कब तक कोई रोक पाएगा?