भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी अपने पहले सीनियर इंटरनेशनल टूर से पहले ही चर्चा में हैं. हालांकि इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि इंग्लैंड दौरे के दौरान लागू होने वाला एक खास नियम है. 15 साल के वैभव को भारत के इंग्लैंड दौरे में अपने साथियों से अलग चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करना होगा.
यह व्यवस्था ICC के सेफगार्डिंग (बाल सुरक्षा) नियमों के तहत की जा रही है. ICC और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के नियमों के मुताबिक 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ी वयस्क खिलाड़ियों के साथ एक ही चेंजिंग रूम का उपयोग नहीं कर सकते.
ECB ने इस व्यवस्था की पुष्टि करते हुए कहा कि इंग्लैंड में होने वाली यह सीरीज ICC के अधिकार क्षेत्र में आती है, इसलिए उसके सेफगार्डिंग प्रोटोकॉल लागू होंगे. ECB ने बताया कि ICC के नियमों के साथ-साथ बोर्ड की 'सेफ हैंड्स' पॉलिसी भी पूरे टूर के दौरान प्रभावी रहेगी.
वैभव की उम्र को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था भी की गई है. उनके माता-पिता पूरे दौरे में उनके साथ रहेंगे और उसी होटल में ठहरेंगे, जहां भारतीय टीम रुकेगी. सामान्य परिस्थितियों में ऐसा नहीं होता, लेकिन वैभव की उम्र को देखते हुए विशेष अनुमति दी गई है. ECB का मानना है कि परिवार की मौजूदगी युवा खिलाड़ी को जरूरी सहयोग और देखभाल प्रदान करेगी.
ब्रिटिश अखबार 'द गार्जियन' की रिपोर्ट के अनुसार, इन नियमों का वैभव की क्रिकेट गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा. वह टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में मैच के दौरान मौजूद रहेंगे, टीम मीटिंग में हिस्सा लेंगे, अभ्यास करेंगे और सभी क्रिकेट संबंधी गतिविधियों में पूरी तरह शामिल रहेंगे. बैन केवल मैच से पहले और बाद में कपड़े बदलने के दौरान लागू होगा.
क्या आयरलैंड दौरे पर भी अलग होगा वैभव का ड्रेसिंग रूम
इंग्लैंड सीरीज ICC के अधिकार क्षेत्र में आयोजित हो रही है, इसलिए वहां ये नियम लागू होंगे. वहीं आयरलैंड के खिलाफ होने वाले दो टी20 मुकाबलों में यह व्यवस्था लागू नहीं होगी, क्योंकि वे मैच क्रिकेट आयरलैंड के नियंत्रण में आयोजित किए जा रहे हैं.
दिलचस्प बात यह है कि भारतीय घरेलू क्रिकेट और IPL में ऐसे नियम नहीं हैं. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव पिछले दो सीजन में सीनियर खिलाड़ियों के साथ सामान्य ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर चुके हैं.
वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट सफर बेहद तेजी से आगे बढ़ रहा है. 14 साल की उम्र में IPL में डेब्यू करने वाले इस बल्लेबाज ने अपने पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए 252 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने पुरुष टी20 क्रिकेट में किसी किशोर खिलाड़ी का सबसे तेज शतक भी लगाया था, जो सिर्फ 38 गेंदों में आया था.
आईपीएल 2026 में वैभव का प्रदर्शन कैसा रहा
इसके बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन को और ऊंचाई दी और IPL 2026 सीजन में 776 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया और 72 छक्के जड़े.
श्रीलंका ए के खिलाफ 29 गेंदों में जड़े 94 रन
हाल ही में भारत ए की ओर से श्रीलंका ए के खिलाफ ट्रायंगुलर सीरीज के फाइनल में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए थे. इस पारी के दौरान उन्होंने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
कब होगा वैभव का टी20 इंटरनेशनल डेब्यू
अब सभी की नजरें शुक्रवार को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मुकाबले पर हैं. यदि वैभव को इस मैच में डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारत के सबसे यंग इंटरनेशनल क्रिकेटर बन जाएंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था.
सचिन तेंदुलकर के बाद भारतीय क्रिकेट में सबसे बड़े किशोर सितारे माने जा रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए इंग्लैंड दौरा करियर का एक और ऐतिहासिक पड़ाव साबित हो सकता है.