सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार (13 फरवरी) को कोलंबो पहुंच गई. भारतीय टीम को आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब पाकिस्तान का सामना करना है. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार (15 फरवरी) को ग्रुप-A का सबसे हाईवोल्टेज मुकाबला निर्धारित है. एशिया कप 2025 के बाद दोनों टीम्स पहली बार आमने-सामने होने जा रही हैं.
कोलंबो पहुंचने पर भारतीय खिलाड़ियों का पारंपरिक श्रीलंकाई नृत्य और ढोल की थाप से स्वागत किया गया. नामीबिया पर 93 रनों की शानदार जीत के बाद भारतीय टीम कड़ी सुरक्षा और मीडिया की मौजूदगी में नई दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना हुई थी. कुछ ही घंटों की उड़ान के बाद भारतीय टीम कोलंबो पहुंची, जहां खिलाड़ियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं.
टीम के साथ सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी कोलंबो पहुंचे हैं. अभिषेक पिछले मैच में नहीं खेले थे, इसलिए उनके इस बड़े मुकाबले में खेलने को लेकर हल्का संशय बना हुआ है. वहीं संजू सैमसन भी टीम के साथ दिखे, जिन्होंने नामीबिया के खिलाफ अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके.
रविवार को कोलंबो में करीब 4 घंटे तक बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि अनुमान है कि बारिश मुकाबले से पहले हो सकती है और मैच के दौरान ज्यादा बाधा नहीं बनेगी. फिर भी मौसम को लेकर दोनों टीमों और फैन्स की चिंता बनी हुई है. मैच रद्द होने पर दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा. ऐसे में दोनों टीमें सीधे सुपर-8 में जगह बना लेंगी.
पाकिस्तान का स्क्वॉड: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफाय (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन आफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक.
भारत का स्क्वॉड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह.