जब बात फिटनेस और सेहत की आती है, तो अक्सर हमारे दिमाग में जिम की भारी-भरकम मशीनें, स्ट्रिक्ट डाइट और पसीना बहाने वाली कसरत की तस्वीर उभरती है. लेकिन क्या फिटनेस का मतलब सिर्फ यही है? आजतक हेल्थ वेल्थ समिट के मंच पर फिटनेस और फन का धमाकेदार सेशन 'भांगड़ा नाइट' में फिटनेस सेशन के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में मेहमानों ने युवाओं में जोश भर दिया.
मोटे लोग डांस नहीं कर सकते? यह सोच बिल्कुल गलत
सत्र की शुरुआत करते हुए पावरलिफ्टर और दो बार नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट व 'स्ट्रॉन्ग वुमन' रह चुकीं शगुन ने लोगों की उस रूढ़िवादी सोच पर करारा प्रहार किया जो मोटे लोगों की फिटनेस पर सवाल उठाती है. उन्होंने गर्व से कहा कि एक महिला और पावरलिफ्टर होने के नाते वे जानती हैं कि मेहनत और लगन से कुछ भी हासिल किया जा सकता है.
वहीं, कई खिताब अपने नाम कर चुके फिटनेस एक्सपर्ट समीर डैनी ने मंच संभालते ही युवाओं का जोश हाई कर दिया. उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों को कभी भी कमजोर नहीं समझना चाहिए, क्योंकि ठहरे हुए दरिया अक्सर बहुत गहरे होते हैं.
जिम जाने वालों के लिए बड़ी चेतावनी: बिना वॉर्म-अप न करें वर्कआउट
समीर डैनी ने जिम जाने वाले युवाओं की सबसे बड़ी गलती पर रोशनी डाली. उन्होंने बताया कि अक्सर युवा जिम पहुंचते ही बिना किसी तैयारी के सीधे भारी वर्कआउट शुरू कर देते हैं, जो कि खतरनाक हो सकता है. उन्होंने मंच पर ही सभी को सही वॉर्म-अप करने के तरीके सिखाए जैसे हाथों और हथेलियों के स्ट्रेचिंग मूवमेंट्स. उन्होंने सलाह दी कि घर पर या जिम में कोई भी फिजिकल एक्टिविटी शुरू करने से पहले शरीर को वॉर्म-अप करना बेहद जरूरी है.
मंच पर हुआ जोरदार फिटनेस कॉम्पिटिशन
सत्र के दौरान माहौल तब और रोमांचक हो गया जब मंच पर मौजूद युवाओं और दर्शकों के बीच फिटनेस चैलेंज शुरू हुआ. मंच पर पुश-अप्स और फ्री-वेट स्क्वाट्स का मुकाबला रखा गया, जिसमें लड़कों और लड़कियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इससे ये साबित हो गया कि फिटनेस सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि स्टेमिना और एक्शन का खेल है.
भांगड़ा और मस्ती के साथ खत्म हुआ सेशन
संगीत और भांगड़ा की थाप पर पूरा हॉल झूम उठा. यह सेशन इस बात की मिसाल बन गया कि फिट रहने के लिए सिर्फ बोरिंग एक्सरसाइज जरूरी नहीं है, बल्कि आप भांगड़ा और डांस के जरिए भी खुद को चुस्त-दुरुस्त रख सकते हैं. समय की कमी के कारण सत्र का समापन करना पड़ा, लेकिन जाते-जाते यह सेशन सभी के चेहरों पर एक बड़ी मुस्कान और फिटनेस का नया जोश छोड़ गया.