scorecardresearch
 

417 रन, 120 गेंद में 47 छक्के... T20 मैच में आई प्रचंड तबाही, एक बैटर ने 55 गेंदों में ठोक डाले 206 रन

इंग्लैंड के डम्बलटन क्रिकेट क्लब ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रचते हुए 2 विकेट पर 417 रन बना दिए, जिसे इस फॉर्मेट का सर्वोच्च स्कोर माना जा रहा है. ओपनर इवान गेग ने सिर्फ 55 गेंदों में नाबाद 206 रन ठोक दिए, जबकि डेन हॉलैंड ने 37 गेंदों में 122 रन बनाए. जवाब में हेदरली एंड रेडिंग्स 229 रन पर सिमट गई.

Advertisement
X
55 गेंद, 206 रन... इंग्लैंड में बल्ले से आया तूफान, 417 रन का स्कोर देख दुनिया हैरान (Photo: X/cricketagency)
55 गेंद, 206 रन... इंग्लैंड में बल्ले से आया तूफान, 417 रन का स्कोर देख दुनिया हैरान (Photo: X/cricketagency)

इंग्लैंड के एक क्रिकेट क्लब ने टी20 में रनों का नया पहाड़ खड़ा करते हुए इतिहास बना दिया. उसने चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 417 रन का स्कोर बनाया जिसे इस फॉर्मेट में सर्वोच्च स्कोर माना जा रहा है. 


वैसे इंटरनेशनल क्रिकेट में 20 ओवर्स में सर्वाध‍िक एक पारी का स्कोर ज‍िम्बाव्बे के नाम है, उसने जाम्ब‍िया के ख‍िलाफ 344/4 का स्कोर 23 अक्टूबर 2024 को बनाया था. वहीं टी20 क्रिकेट में सर्वाध‍िक एक पारी का स्कोर बड़ौदा के नाम है, उसने स‍िक्क‍िम के ख‍िलाफ 5 द‍िसंबर 2024 को 349/5 का स्कोर इंदौर में बनाया था. टेस्ट खेलने वाले देशों में यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है. उसने 2025 में साउथ अफ्रीका के सामने दो विकेट पर 304 रन बनाए थे.

अव वापस आते हैं इंग्लैंड में हुए क्लब लेवल के टी20 मैच पर... 

दरअसअल, इंग्लैंड में एक टी20 मुकाबले में रनों का ऐसा सैलाब आया कि इतिहास बन गया. एक क्लब ने 417 रन उड़ा दिए और केवल दो विकेट के नुकसान पर ऐसा किया. इस दौरान 69 चौके-छक्के लगे. इनमें 22 चौके और 47 छक्के शामिल रहे. इसे टी20 क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड माना जा रहा है. डम्बलटन क्रिकेट क्लब ने 7 जुलाई को प्रीमियर वन टॉप टियर डिवीजन में हेदरली एंड रेडिंग्स क्रिकेट क्लब के खिलाफ यह कमाल किया. उसने 188 रन के अंतर से यह मैच जीता. हेदरली एंड रेडिंग्स क्लब लक्ष्य का पीछा करते हुए 229 रन पर ढेर हो गया.

Advertisement


इस मैच में कुल तीन शतक लगे. दो डम्बलटन की ओर से बने जिनमें एक दोहरा शतक रहा. डम्बलटन क्लब की ओर से ओपनर इवान गेग ने दोहरा शतक लगाया. उन्होंने 55 गेंद का सामना किया और नाबाद 206 रन बनाए. इस दौरान 13 चौके व 23 छक्के उड़ाए. उनके साथी डेन हॉलैंड ने 37 गेंद में 122 रन की पारी खेली. हेदरली एंड रेडिंग्स की ओर से हैरी ब्लूमफील्ड ने 48 गेंद में 109 रन की पारी खेली. इस बल्लेबाज ने छह चौके व 12 छक्के लगाए.

डम्बलटन की ओर से गेग और थॉमस केली ने पारी का आगाज किया. दोनों ने 6.1 ओवर में 112 रन की विस्फोटक साझेदारी की. केली ने 25 गेंद में 64 रन की पारी खेली. उनके जाने के बाद आए हॉलैंड ने भी रनों की गति को कम नहीं होने दिया. उनकी पारी में चार चौके व 16 छक्के शामिल रहे. गेग और हॉलैंड ने दूसरे विकेट के लिए 59 गेंद में 211 रन की साझेदारी की. गेग ने आखिरी 24 में से 19 गेंद खेली और इस दौरान छक्कों की बरसात करते हुए टीम को 400 के पार पहुंचा दिया. 

डम्बलटन ने बाउंड्री के जरिए 370 रन बनाए. जवाब में हेदरली एंड रेडिंग्स के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरने की कोशिश की. उनकी तरफ से मैच में कुल 19 छक्के लगे. ब्लूमफील्ड की तरह दूसरे बल्लेबाज ने भी खेल दिखाया होता तो मैच अलग स्तर पर जा सकता था. इसके बावजूद भी मैच में कुल 66 छक्के लगे.

Advertisement

डम्बलटन के 417 रन के स्कोर को टी20 में सर्वोच्च माना जा रहा है. 2017 में भारत में मावी नाम की टीम ने दो विकेट पर 416 रन का स्कोर बनाया था. वहीं प्रोफेशनल लेवल पर 2024 में बड़ौदा का पांच विकेट पर 349 रन का स्कोर टी20 में सबसे बड़ा है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement