हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार (5 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 10वां मुकाबला खेला जाना है. भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आ रहा है.
सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले मैच में जिस तरह 226 रन बनाकर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 65 रनों से हराया, उससे साफ है कि इस टीम की बल्लेबाजी खतरनाक लय में लौट चुकी है. टॉप ऑर्डर में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल सकती है. सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन भी आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि हेनरिक क्लासेन मिडिल ऑर्डर में टीम की रीढ़ बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें: कौन हैं अशोक शर्मा? जिन्होंने फेंकी IPL 2026 की सबसे तेज गेंद
इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी जैसे ऑलराउंडर टीम को बैलेंस दे रहे हैं, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, गेंदबाजी में भी खतरनाक दिख रही है. फास्ट बॉलर जयदेव उनादकट ने केकेआर के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी. वहीं श्रीलंकाई तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा भी गेंद से कहर बरपाने में कामयाब रहे थे.
क्या ऋषभ पंत फिर ओपन करेंगे?
दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सबसे बड़ी चिंता उसकी बल्लेबाजी है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में 141 रनों पर ढेर होने के बाद टीम के कॉम्बिनेशन पर सवाल उठने लगे हैं. कप्तान ऋषभ पंत को ओपनिंग पर भेजने का प्रयोग पूरी तरह फ्लॉप रहा. अब उन्हें फिर से मिडिल ऑर्डर में लाना टीम के लिए जरूरी हो गया है, जहां उन्होंने पहले सफलता हासिल की थी.
मिचेल मार्श और एडेन मार्करम की ओपनिंग जोड़ी को वापस लाना ही लखनऊ सुपर जायंट्स लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है. वहीं निकोलस पूरन से भी बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी. गेंदबाजी में जरूर कुछ पॉजिटिव संकेत मिले हैं. मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने पावरप्ले में कहर बरपाया, लेकिन मिडिल ओवर्स में दबाव बनाए रखने में टीम फेल रही.
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट और डेविड पेन.
इम्पैक्ट सब: ईशान मलिंगा/शिवांग कुमार
लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग-11: मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), एडन मार्करम, आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्किया, मोहसिन खान और प्रिंस यादव.
इम्पैक्ट सब: दिग्वेश राठी/शाहबाज अहमद
कुल मिलाकर, यह मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के पक्ष में झुका हुआ नजर आता है. अगर लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी फिर से लड़खड़ाई, तो हैदराबाद के घरेलू मैदान पर टीम को हार से कोई नहीं बचा पाएगा.