iपाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान का एक पुराना बयान बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की करारी हार के बाद फिर चर्चा में आ गया है. पाकिस्तान के कप्तान रिजवान ने पहले एक अनौपचारिक बातचीत में कहा था कि वह भारत के मैच नहीं देखते.
दरअसल, नेट्स सेशन के दौरान एक रिपोर्टर ने उनसे भारत के टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बारे में पूछा था. उस मैच में भारत ने 250 से ज्यादा रन बनाए थे. इस सवाल पर रिजवान ने जवाब दिया था, सॉरी, मैं उनके मैच नहीं देखता हूं.
बुधवार को जब पाकिस्तान को पहले वनडे में बांग्लादेश के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी, तो उनका यही बयान फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा.
पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप
मीरपुर में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह बिखर गई. पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरी टीम 30.4 ओवर में सिर्फ 114 रन पर ऑलआउट हो गई.
पाकिस्तान की शुरुआत ठीक रही, लेकिन पहला विकेट गिरते ही टीम का पतन शुरू हो गया और विकेटों की झड़ी लग गई. रिजवान खुद भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 20 गेंदों में सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए.
During practice, Mohammad Rizwan talked about Pakistan’s World Cup exit and said the team was eliminated because of Net Run Rate. pic.twitter.com/dbG66Yq651
— Inzimam (@I_Engr56) March 6, 2026
नाहिद राणा का कहर
इस मैच में बांग्लादेश के 23 वर्षीय तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने शानदार गेंदबाजी की. 23 वर्षीय राणा ने घातक स्पेल डालते हुए 24 रन देकर 5 विकेट लिए.
यह उनके वनडे करियर का पहला पांच विकेट हॉल था. उन्होंने साहिबजादा फरहान, शमील हुसैन, माज सदाकत, मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा को आउट कर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी.
इसके अलावा कप्तान मेहदी हसन मिराज ने तीन विकेट झटके. वहीं तस्कीन अहमद और मुस्ताफिजुर रहमना को एक-एक सफलता मिली.पाकिस्तान की ओर से सिर्फ फहीम अशरफ ने कुछ संघर्ष दिखाया और 37 रन बनाकर टीम को 100 के पार पहुंचाया.
महज 15 ओवर में खत्म हुआ मैच
115 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने मैच को एकतरफा बना दिया.ओपनर तंजीद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में नाबाद 67 रन बनाए. उन्होंने नजमुल हुसैन शांतो (27) के साथ 82 रन की साझेदारी की. बांग्लादेश ने सिर्फ 15.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और आठ विकेट से बड़ी जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली.