धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल के ग्रेजुएशन समारोह में उस समय हंसी का माहौल बन गया जब हेड बॉय ने अपने भाषण में मुंबई इंडियंस पर चुटीला तंज कस दिया. छात्र ने कहा कि जिंदगी में भी मुंबई इंडियंस (MI) की तरह मुश्किल सीजन आएंगे, जिस पर पूरा ऑडिटोरियम ठहाकों से गूंज उठा. कैमरे में कैद हुईं नीता अंबानी भी इस टिप्पणी पर हंसती नजर आईं. बाद में छात्र ने इसी उदाहरण के जरिए संघर्ष, विरासत और आत्मविश्वास का संदेश दिया. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
स्कूल के ग्रेजुएशन समारोह आमतौर पर भावुक यादों, प्रेरणादायक संदेशों और भविष्य के सपनों से भरे होते हैं. लेकिन इस बार मंच पर आए एक छात्र ने ऐसा क्रिकेटी तड़का लगाया कि पूरा ऑडिटोरियम ठहाकों से गूंज उठा. सबसे खास बात यह रही कि मजाक का निशाना बनीं नीता अंबानी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं.
धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल के क्लास ऑफ 2026 के ग्रेजुएशन समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वजह है हेड बॉय की वह चुटीली टिप्पणी, जिसमें उसने अंबानी परिवार की आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस का जिक्र करते हुए ऐसा पंच मारा कि पूरा हॉल खिलखिला उठा.
Student make fun of Mumbai Indians in front of Nita Ambani
- Look at reaction of Nita Ambani. 🤣🤣 pic.twitter.com/xk3Ih0IhNP— Jeet (@JeetN25) May 24, 2026
अपने भाषण में छात्र स्कूल के सफर, दोस्तियों और भविष्य की चुनौतियों पर बात कर रहा था. इसी दौरान उसने कहा, 'हमारी प्रिय मुंबई इंडियंस की तरह जिंदगी में भी कुछ कठिन सीजन आएंगे.'
बस फिर क्या था... ऑडिटोरियम में जोरदार ठहाके गूंज उठे. कैमरा तुरंत स्कूल की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी की ओर गया, जो खुद हंसते हुए अपना चेहरा ढंकती नजर आईं.
हालांकि यह सिर्फ मजाक नहीं था. छात्र ने तुरंत अपनी बात को जीवन के बड़े सबक से जोड़ दिया. उसने कहा कि ऐसे दौर भी आएंगे जब मेहनत के मुताबिक नतीजे नहीं मिलेंगे, जब हर चीज पर सवाल उठेंगे. लेकिन मुंबई इंडियंस की तरह अपनी पहचान, विरासत और अपने लोगों पर भरोसा कभी नहीं छोड़ना चाहिए.
भाषण का समापन भी उसने मुंबई इंडियंस के मशहूर नारे 'दुनिया हिला देंगे हम' के साथ किया. यह सुनते ही नीता अंबानी मुस्कुराते हुए तालियां बजाने लगीं और पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा.
समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थीं पीवी सिंधु, लेकिन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा उसी छात्र की हो रही है... जिसने कुछ सेकंड में समारोह को यादगार बना दिया. इंटरनेट यूजर्स उसकी हाजिरजवाबी की तारीफ कर रहे हैं और मान रहे हैं कि उसने न सिर्फ अपनी ग्रेजुएशन, बल्कि पूरे समारोह को खास बना दिया.