scorecardresearch
 

LSG vs RCB, IPL 2026 Highlights: लखनऊ ने रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु को 9 रनों से हराया, मिचेल मार्श-प्रिंस यादव बने जीत के हीरो

Lucknow Super Giants vs Royal Challengers Bengaluru, IPL: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने हुईं. इस मुकाबले को लखनऊ ने डीएलएस नियम के तहत 9 रनों से जीता.

Advertisement
X
आईपीएल में लखनऊ-बेंगलुरु की टक्कर हुई. (Photo: PTI)
आईपीएल में लखनऊ-बेंगलुरु की टक्कर हुई. (Photo: PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-50 में गुरुवार (7 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हुआ. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में लखनऊ ने डीएलएस नियम के तहत 9 रनों से जीत हासिल की. बारिश के कारण मैच को 19-19 ओवरों का कर दिया गया था. लखनऊ ने बेंगलुरु को जीत के लिए डीएलएस नियम के तहत 213 रनों का टारगेट दिया था, जिसका पीछा करते हुए वो 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी. 

आखिरी ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत के लिए 20 रन बनाने थे. लेकिन रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पंड्या मैच फिनिश नहीं कर पाए. आखिरी ओवर स्पिनर दिग्वेश सिंह राठी ने फेंका और उन्होंने केवल 10 रन दिए. बेंगलुरु का प्रदर्शन मौजूदा सीजन में शानदार रहा है. आरसीबी ने 10 में से 6 मुकाबले जीते हैं. दूसरी तरफ लखनऊ सुपर जायंट्स ने 10 में से सिर्फ 3 मुकाबले जीते हैं और उसका प्लेऑफ में पहुंचना बेहद मुश्किल है.

रनचेज में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही. जैकब बेथेल को मोहम्मद शमी ने 4 रनों के निजी स्कोर पर चलता किया. वहीं विराट कोहली खाता भी नहीं खोल सके और उन्हें प्रिंस यादव ने बोल्ड किया. यहां से देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार ने 95 रनों की साझेदारी की. प्रिंस यादव ने पडिक्कल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. पडिक्कल ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 25 बॉल पर 34 रन बनाए. प्रिंस ने फिर जितेश शर्मा (1 रन) को भी चलता किया.

Advertisement

कप्तान रजत पाटीदार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा, लेकिन वो अहम मौके पर आउट हो गए. पाटीदार ने 31 गेंदों पर 61 रनों का योगदान दिया, जिसमें 6 छक्के और तीन चौके शामिल रहे. टिम डेविड ने भी ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 17 बॉल पर 40 रन बनाए. यहां से रोमारियो शेफर्ड (23* रन) और क्रुणाल पंड्या (28* रन) ने मैच को रोमांचक बनाया.

लखनऊ के लिए मार्श ने जड़ा शतक
लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 19 ओवरों में 3 विकेट पर 209 रन बनाए. लखनऊ की शुरुआत शानदार रही. मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी ने मिलकर पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की. अर्शिन ने 17 ही रन बनाए, लेकिन उन्होंने मार्श का बखूबी साथ दिया. इस साझेदारी के दौरान मार्श ने 20 गेंदों पर ही फिफ्टी पूरी कर ली थी. अर्शिन का विकेट क्रुणाल पंड्या ने लिया.

अर्शिन कुलकर्णी तो आउट हो गए, लेकिन मिचेल मार्श की तूफानी बैटिंग रही. मार्श ने 49 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया. हालांकि शतक जमाने के बाद मार्श ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और उन्हें जोश हेजलवुड ने पवेलियन भेजा. मार्श ने 9 छक्के और 9 चौके की मदद से 56 बॉल पर 111 रन बनाए.

Advertisement

निकोलस पूरन अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वो रसिक सलाम डार के जाल में फंस गए. पूरन ने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 23 गेंदों पर 38 रन बनाए. यहां से कप्तान ऋषभ पंत ने ताबड़तोड़ बैटिंग कर लखनऊ को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. पंत ने 10 गेंदों पर नाबाद 32 रनों का योगदान दिया, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.

लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स ने 3 मैचों में जीत हासिल की. जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 5 मैचों में जीत नसीब हुई. मौजूदा सीजन में दूसरी बार दोनों टीमें टकराई हैं. इससे पहले 15 अप्रैल 2026 को दोनों के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 विकेट से बाजी मारी थी.

लखनऊ vs बेंगलुरु h2h
कुल आईपीएल मैच: 8
लखनऊ ने जीते: 3
बेंगलुरु ने जीते: 5

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग-11: विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिक सलाम डार.

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11: मिचेल मार्श, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव.
इम्पैक्ट सब: मयंक यादव.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement