बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 की ऐतिहासिक जीत हासिल की थी. इस सीरीज के दौरान खेल भावना और खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर बहस छिड़ी थी. अब बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. लिटन ने कहा कि रिजवान ने पाकिस्तानी टीम की हार के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों से हाथ तक नहीं मिलाया. लिटन ने रिजवान के इस व्यवहार को पूरी तरह अनुचित करार दिया.
बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर इतिहास रचा था. लेकिन सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच हुई तनातनी सुर्खियों में आ गई है. लिटन दास ने दावा किया है कि मैदान पर हुई नोकझोंक मैच खत्म होने के बाद भी रिजवान के व्यवहार में दिखाई दी.
बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो को दिए इंटरव्यू में लिटन दास ने कहा कि क्रिकेट में मुकाबला कितना भी कड़ा क्यों न हो, मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने कहा, 'मैदान पर जो भी हो, मैच के बाद खिलाड़ियों को हाथ मिलाना चाहिए. पहले टेस्ट में हार के बाद मोहम्मद रिजवान हमारे खिलाड़ियों से हाथ मिलाने नहीं आए. यह बहुत गलत था. आप चाहे कितने भी बड़े खिलाड़ी हों, ऐसा नहीं होना चाहिए.'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी टीम में सर्जरी की तैयारी, नए टेस्ट कोच की छुट्टी तय! कप्तान पर भी हो सकता है एक्शन
लिटन दास यहीं नहीं रुके. उन्होंने दावा किया कि दूसरे टेस्ट में भी मोहम्मद रिजवान ने यही रवैया अपनाया. लिटन कहते हैं, 'अगर उन्हें मुझसे कोई शिकायत थी तो अलग बात है, लेकिन पूरी बांग्लादेश टीम ने उनका क्या बिगाड़ा था. पूरी पाकिस्तानी टीम हमारे पास आई और हाथ मिलाया, लेकिन सिर्फ रिजवान नहीं आए. यह पूरी तरह गैर पेशेवर व्यवहार था.'
सीरीज के दौरान लिटन दास और मोहम्मद रिजवान के बीच कई बार तीखी बहस और स्लेजिंग देखने को मिली थी. सोशल मीडिया पर दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई नोकझोंक के वीडियो भी खूब वायरल हुए थे. अब लिटन ने खुलासा किया है कि उन्होंने जानबूझकर रिजवान को निशाना बनाया था क्योंकि वह पाकिस्तान के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं.
उन्होंने कहा, 'मुझे पता था कि पाकिस्तान की बल्लेबाजी में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान हमारे लिए सबसे बड़ा खतरा हैं. रिजवान का रिकॉर्ड हमारे खिलाफ शानदार रहा है. मेरा पूरा फोकस उन्हें दबाव में डालने पर था क्योंकि मैं सिर्फ अपनी टीम को जीतते देखना चाहता था.'
'जानबूझकर खेल को धीमा किया'
लिटन दास ने साथ ही रिजवान पर खेल को जानबूझकर धीमा करने का आरोप भी लगाया. उनके मुताबिक गर्म मौसम में विकेटकीपिंग करना मुश्किल था और रिजवान बार-बार समय लेकर बल्लेबाजी कर रहे थे. फिलहाल रिजवान या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की तरफ से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यही वजह है कि यह विवाद और भी ज्यादा चर्चा में आ गया है.
लिटन दास ने यह भी बताया कि पहले टेस्ट से पहले हुई एक घटना के बाद उनके मन में रिजवान को लेकर नकारात्मक धारणा बन गई थी, हालांकि उन्होंने उस घटना का खुलासा नहीं किया. उन्होंने कहा, 'पहले टेस्ट से पहले एक घटना हुई थी. वह पाकिस्तान में एक बड़े आइडल हैं, लेकिन मुझे वह घटना पसंद नहीं आई. उसी दिन से मेरे मन में उनके लिए सवाल खड़ा हो गया था.'