न्यूजीलैंड दौरे पर केएल राहुल के लिए इंडिया-ए की ओर से पहला अनऑफिशियल टेस्ट निराशाजनक रहा. अनुभवी बल्लेबाज पहली पारी में खाता नहीं खोल सके, जबकि दूसरी पारी में चार रन बनाकर अजीबोगरीब तरीके से आउट हो गए. फ्रेजर शीट की गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश में राहुल का बल्ला स्टम्प से टकरा गया और उन्हें हिट विकेट होकर पवेलियन लौटना पड़ा.
लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में जारी इस मुकाबले में इंडिया-ए की पहली पारी 113 रनों पर सिमट गई थी. इसके जवाब में न्यूजीलैंड-ए ने 317 रन बनाकर 204 रनों की बढ़त हासिल की. इंडिया-ए को दूसरी पारी में वापसी के लिए मजबूत बल्लेबाजी की जरूरत थी, लेकिन राहुल जल्दी आउट हो गए.
पहली पारी में भी शीट का बने शिकार
दूसरी पारी में केएल राहुल ने 15 गेंदों पर चार रन बनाए. फ्रेजर शीट की ऑफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद पर उन्होंने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर वापस उनकी ओर आ गई. राहुल ने गेंद को स्टम्प तक पहुंचने से रोकने के लिए बल्ला आगे किया, लेकिन इसी प्रयास में उनका बल्ला ऑफ स्टम्प से टकरा गया.
रिप्ले में दिखा कि गेंद सीधे स्टम्प पर नहीं लगने वाली थी. राहुल के बल्ले से विकेट गिरने के कारण उन्हें हिट विकेट आउट दिया गया. इस तरह शीट ने उन्हें मैच में दूसरी बार अपना शिकार बनाया. पहली पारी में राहुल आठ गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले आउट हुए थे. तब ऑफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद पर ड्राइव खेलने के प्रयास में उनके बल्ले का किनारा लगा और विकेटकीपर मिचेल हे ने कैच पकड़ लिया.
केएल राहुल के दोनों पारियों में नाकाम रहने से इंडिया-ए की मुश्किलें बढ़ गईं. पहली पारी में इंडिया-ए के कम स्कोर पर सिमटने के चलते न्यूजीलैंड-ए ने मजबूत बढ़त बना ली थी. ऐसे में दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव साफ था.
इंडिया-ए की ओर से दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल भी कुछ खास नहीं कर पाए. यशस्वी 5 रनों के निजी स्कोर पर साइमन कीन का शिकार बने. दूसरे दिन (24 अक्टूबर) स्टम्प तक इंडिया-ए ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 106 रन बना लिए थे. देवदत्त पडिक्कल 56 और साई सुदर्शन 39 रन बनाकर नॉटआउट हैं.