इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है. जहां इस बार गेंदबाज भी अपने दम पर कई महारिकॉर्ड बनाने वाले हैं. इस बार 3 गेंदबाज भी अपने दम पर विकेटों की डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड बना सकते हैं.
आखिर गेंदबाजों की डबल सेंचुरी का यह क्या मामला है? कैसे कोई गेंदबाज आईपीएल में यह अनूठा कीर्तिमान बनाएगा, यही इस खबर में हम जानने जा रहे हैं.
आईपीएल के इतिहास में कुछ गेंदबाजों ने लगातार अपनी छाप छोड़ी है और आंकड़े भी यही कहानी कहते हैं. युजवेंद्र चहल ने 2013 से 2025 तक 174 मैचों में 221 विकेट लिए, उनकी इकोनॉमी 7.96 रही है.
चहल की बात की जाए तो वो आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं. पिछले सीजन में चहल ने 17 में से 14 मैच खेले और 16 विकेट अपने नाम किए. तब उनका इकोनॉमी रेट 9.56 रहा. IPL 2025 मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में खरीदा था.
चहल आखिरी बार 2023 में भारत के लिए खेले थे. वह 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा जरूर थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था. अब IPL 2026 में पंजाब किंग्स की टीम 31 मार्च को अपने घर पर गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी, जहां चहल से टीम को बड़ी उम्मीदें होंगी.
A list of 𝙢𝙖𝙩𝙘𝙝-𝙬𝙞𝙣𝙣𝙚𝙧𝙨 👌👌
— IndianPremierLeague (@IPL) March 16, 2026
Presenting #TATAIPL's Top 5⃣ wicket-takers of all time 🙌 pic.twitter.com/LedPAXUREJ
तो कौन बनाएगा IPL में विकेट्स की डबल सेंचुरी
युजवेंद्र चहल के बाद सबसे ज्यादा आईपीएल विकेट लेने वाले गेंदबाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार हैं. वो पूर्व में सनराइजर्स हैदराबाद और पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए खेल चुके हैं. जहां उन्होंने 190 मैचों में 198 विकेट झटके हैं और अपनी स्विंग गेंदबाजी से हमेशा बल्लेबाजों को परेशान किया है.
कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलने वाले सुनील नरेन ने 189 मैचों में 192 विकेट लेकर अपनी मिस्ट्री स्पिन का जलवा दिखाया है.वहीं जसप्रीत बुमराह ने 145 मैचों में 183 विकेट लेकर अपनी खास पहचान बनाई है. उनका इकॉनमी 7.24 है, जो टी20 के हिसाब से काफी शानदार माना जाता है. ये तीनों ही इस बार विकेट्स की डबल सेंचुरी आईपीएल में पूरी कर सकते हैं.
वहीं 200 आईपीएल विकेट लेने के करीब पीयूष चावला और रविचंद्रन अश्विन भी रहे, जो आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं. पीयूष ने 192 आईपीएल मैचों में 192 विकेट लिए हैं. वहीं रविचंद्रन अश्विन ने 187 विकेट लिए है.