इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मंगलवार (12 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ अहम मुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) की बदली हुई जर्सी ने फैन्स का ध्यान खींचा. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कप्तान शुभमन गिल समेत पूरी जीटी टीम खास लैवेंडर रंग की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरी. सोशल मीडिया पर फैन्स पूछने लगे कि आखिर गुजरात टाइटन्स ने अपनी जर्सी का रंग क्यों बदला.
गुजरात टाइटन्स ने यह खास लैवेंडर जर्सी कैंसर के खिलाफ जागरूकता फैलाने और इस बीमारी से जूझ रहे लोगों के समर्थन में पहनी थी. जीटी का मकसद सिर्फ क्रिकेट खेलना नहीं, बल्कि एक मजबूत सामाजिक संदेश देना भी था. गुजरात टाइटन्स की इस पहल की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है.
यह मुकाबला आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल के लिहाज से काफी अहम था. इस मुकाबले से पहले गुजरात टाइटन्स दूसरे और सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे स्थान पर थी. दोनों टीमों के 11 मैचों में 14-14 अंक थे और प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक बनी हुई है.
मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. उन्होंने कहा, 'यह टूर्नामेंट का बेहद अहम समय है. हमने इस पिच पर पहले नहीं खेला, इसलिए पहले गेंदबाजी करना सही लगा.' कमिंस ने यह भी कहा कि अब हर मैच लगभग नॉकआउट जैसा महसूस होने लगा है.
गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि उनकी टीम भी पहले गेंदबाजी करना चाहती थी. उन्होंने कहा, 'अब सबसे जरूरी चीज लगातार अच्छा प्रदर्शन करना और अपने प्लान पर भरोसा बनाए रखना है.' गिल ने यह भी बताया कि गुजरात टाइटन्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया.
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नीतीश कुमार रेड्डी, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे.
गुजरात टाइटन्स की की प्लेइंग XI: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज.