अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी सेहत को लेकर सवाल पूछे जाने पर एक पत्रकार पर भड़क गए. उन्होंने रॉयटर्स के पत्रकार के वजन और लुक्स पर निजी टिप्पणी की है. उन्होंने पत्रकार से कहा कि पहले अपनी फिटनेस सुधारो. ट्रंप ने पत्रकार को घिनौना भी बताया.
यह घटना गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान हुई. दरअसल, ट्रंप ने कंसास और आयोवा में होने वाली अपनी चुनावी रैलियां रद्द कर दी थीं. पत्रकार ने ट्रंप से पूछा था कि क्या कंसास जाने का कार्यक्रम रद्द करने के पीछे उनकी तबीयत खराब होना वजह है. उसके इस सवाल से ट्रंप भड़क गए और पत्रकार को खरी-खोटी सुना दी.
पत्रकार के सवाल पर भड़के ट्रंप
पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि क्या देशभर में कई हफ्तों तक चुनाव प्रचार करने के बाद उनकी तबीयत ठीक नहीं है? इस पर ट्रंप नाराज हो गए. उन्होंने पत्रकार से कहा कि यह सवाल पूछने के लिए तुम बीमार हो. तुम बीमार हो. जब पत्रकार ने बताया कि वह रॉयटर्स से हैं, तो ट्रंप ने कहा कि वैसे रॉयटर्स बहुत खराब है.
पत्रकार ने सफाई देने की कोशिश की कि वह सिर्फ राष्ट्रपति की सेहत के बारे में पूछ रहे हैं. लेकिन ट्रंप ने उनके सवाल का जवाब देने के बजाय उनके शरीर पर टिप्पणी शुरू कर दी.
ट्रंप ने पत्रकार की नकल भी की और उनका सवाल दोहराया. उन्होंने कहा कि इस आदमी को देखो. यह बिल्कुल फिट नहीं है. जब पत्रकार ने दोबारा उनकी तबीयत के बारे में पूछा, तो ट्रंप ने कहा कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है. उन्होंने कहा कि मैं दो हफ्ते से खुद पर नजर रख रहा हूं. मैं बिल्कुल ठीक महसूस कर रहा हूं.
इसके बाद ट्रंप ने पत्रकार पर फिर निजी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि तुम घिनौने हो. अपनी फिटनेस सुधारो. तुम बहुत खराब दिखते हो.
ट्रंप ने कंसास और आयोवा की रैलियां रद्द कीं
यह विवाद ऐसे समय हुआ है, जब ट्रंप ने कंसास और आयोवा में होने वाली अपनी चुनावी रैलियां रद्द कर दी हैं. इन दोनों राज्यों में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों के सामने कड़ी चुनौती है. अमेरिका में मंगलवार को मिडटर्म चुनाव होने हैं.
यह भी पढ़ें: जेडी वेंस ने भेजी वार्ता की चिट्ठी, ट्रंप ने किया इनकार, क्या ईरान पर फिर हमले की प्लानिंग कर रहा अमेरिका?
ट्रंप की पहली रैली शनिवार को कंसास के सलीना और दूसरी रविवार को आयोवा के डब्यूक में होनी थी. ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें कंसास जाने की जरूरत महसूस नहीं होती. उन्होंने राज्य में रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल की जीत को लेकर भरोसा भी जताया. इसके बाद रिपब्लिकन नेशनल कमेटी ने आयोवा की रैली रद्द होने की भी जानकारी दी.
19 राज्यों में टेली-रैली करने की तैयारी
रैलियों में खुद शामिल होने के बजाय ट्रंप की चुनावी फंडिंग से जुड़ी संस्था MAGA Inc ने टेली-रैलियों की एक सीरीज आयोजित करने की बात कही है. इसमें ट्रंप कम से कम 19 राज्यों में ऑनलाइन या दूर से जुड़ेंगे. इनमें कंसास और आयोवा भी शामिल हैं. 1 अक्टूबर से अब तक ट्रंप 19 राज्यों में 25 चुनावी रैलियां कर चुके हैं. इन रैलियों के जरिए वह रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे थे.
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में यह तय होगा कि रिपब्लिकन पार्टी सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स, दोनों सदनों में अपना मामूली बहुमत बरकरार रख पाती है या नहीं. हालांकि, कंसास और आयोवा की रैलियां रद्द करने के बावजूद ट्रंप शुक्रवार को एक अन्य चुनावी कार्यक्रम के लिए फ्लोरिडा जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: इजरायल में अब होगा क्या? किसकी बनेगी सरकार, ट्रंप की एंट्री के बाद नेतन्याहू के अगले मूव पर नजर
ट्रंप पहले भी अपने चुनाव प्रचार के व्यस्त कार्यक्रम से होने वाली शारीरिक थकान का जिक्र कर चुके हैं. सोमवार को मिसिसिपी में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा था कि भगवान ने आपकी आवाज ऐसी नहीं बनाई कि आप हर दिन रैली कर सकें.