मॉनसून की विदाई के बाद भी देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर से गुरुवार रात दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के राज्यों में जमकर बारिश हुई. कहीं तेज हवाओं के साथ बादल बरसे तो कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं. लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है.
हालांकि, बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खरीफ सीजन की तैयार फसलों पर बारिश का असर पड़ा है. बहुत सारे किसानों की धान की कटाई के बाद खुले में रखी उपज और मंडियों में रखे अनाज को नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को भी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है.
भारत में क्यों हो रही है बेमौसम बरसात
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात अर्नब आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद जमीन पर कमजोर पड़ गया था. हालांकि, इसके कारण बना दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर सक्रिय रहा. इसके उत्तर की ओर बढ़ने और कम दबाव के क्षेत्र में कमजोर होने का अनुमान है. कम दबाव का क्षेत्र बनने पर आसपास की हवा इस ओर खिंचती है और ऊपर उठती है. इससे बादल बनते हैं और बारिश की संभावना बढ़ जाती है. इसके अलावा दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर एक अलग कम दबाव का क्षेत्र भी बना हुआ है. इसके आगे बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ने की संभावना है. इन मौसमी गतिविधियों के चलते पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में नवंबर के पहले सप्ताह तक बारिश जारी रह सकती है.
दिल्ली में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
उत्तर प्रदेश, दिल्ली और आसपास के राज्यों में गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छा गए थे. दिन में ठंडी हवाएं चल रही थीं. शाम होते-होते बूंदाबादी शुरू हुई, जो रातभर गरज-चमक के साथ जारी रही. उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में बूंदाबादी का दौर रहा. दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शुक्रवार को भी मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. दिल्ली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है. दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लगातार बारिश और बादलों की वजह से दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
यूपी के 49 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को भी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद कम है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 49 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. इनमें 43 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट है, जबकि छह जिलों में तेज बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. येलो अलर्ट वाले जिलों में नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ़, बदायूं, बरेली, फर्रुखाबाद, जौनपुर, मऊ, आजमगढ़, उन्नाव, सीतापुर, गोरखपुर और लखीमपुर खीरी समेत 43 जिले शामिल हैं. वहीं, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज बारिश और खराब मौसम की आशंका है. कई जगह 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बिहार में बेहद भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में शुक्रवार को मौसम ज्यादा खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश होने की आशंका है. पटना, गया, बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, मुंगेर, बांका, भागलपुर, कैमूर, नवादा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में बारिश और आंधी का अनुमान है. पटना में अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
झारखंड, बंगाल, ओडिशा में भी अलर्ट
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब लैंडफॉल के बाद भले ही कमजोर पड़ चुका है, लेकिन उसका असर बना हुआ है. झारखंड में रांची, सरायकेला, रामगढ़, हजारीबाग, दुमका, लातेहार, पलामू और लोहरदगा में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पश्चिम बंगाल के कोलकाता, बांकुड़ा, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, हावड़ा, दुर्गापुर, मालदा, कालिम्पोंग और पुरुलिया में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. ओडिशा में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
राजस्थान, हरियाणा, पंजाब में ओलावृष्टि
उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. राजस्थान के जयपुर, अलवर, अजमेर, भरतपुर, टोंक, भीलवाड़ा, चुरू, जालोर, सीकर, झुंझुनू, दौसा, सिरोही और फलोदी में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है. इससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल में होगी बारिश
उत्तराखंड में नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, ऋषिकेश, हरिद्वार और चंपावत में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, चंबा और किन्नौर में भी बारिश हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में खराब मौसम के दौरान भूस्खलन और रास्तों पर फिसलन का खतरा बढ़ सकता है. जम्मू-कश्मीर में जम्मू, किश्तवाड़, अनंतनाग, कठुआ, राजौरी और उधमपुर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है.