scorecardresearch
 

IPL फाइनल में वैभव सूर्यवंशी का जलवा, राजस्थान रॉयल्स के बाहर होने पर भी पहुंचे अहमदाबाद, VIDEO

आईपीएल 2026 की ट्रॉफी किसी एक टीम के हाथ में जाएगी. लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सबसे ज्यादा तालियां शायद उस 15 साल के लड़के के लिए बजेंगी, जिसने अपने बल्ले से पूरे आईपीएल सीजन को यादगार बना दिया.

Advertisement
X
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में गदर काटा. (Photo: PTI)
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में गदर काटा. (Photo: PTI)

IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 का फाइनल भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच है, लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (31 मई) रात सबसे ज्यादा चर्चा जिस खिलाड़ी की होने वाली है, वह किसी फाइनलिस्ट टीम का हिस्सा नहीं है. वह नाम है 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का, जिसने अपने पहले पूरे आईपीएल सीजन में ऐसा धमाका किया कि क्रिकेट जगत हैरान रह गया.

राजस्थान रॉयल्स का सफर भले ही फाइनल से पहले खत्म हो गया हो, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से पूरे टूर्नामेंट पर ऐसी छाप छोड़ी है कि अब फाइनल की रात भी वह सबसे बड़े आकर्षणों में शामिल रहने वाले हैं. वैभव आईपीएल 2026 के फाइनल के लिए अहमदाबाद पहुंच चुके हैं. आईपीएल के अवॉर्ड्स नाइट में 'बेबी बॉस' कई बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम कर सकते हैं.

15 साल के इस बल्लेबाज ने अपने फुल डेब्यू सीजन में जैसा प्रदर्शन किया, वह आईपीएल इतिहास के सबसे यादगार अभियानों में गिना जाएगा. वैभव सूर्यवंशी ने पूरे टूर्नामेंट में 237.30 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन कूट डाले और ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे बने हुए हैं.

सिर्फ रन ही नहीं, उनका खेलने का तरीका भी पूरी दुनिया के लिए चर्चा का विषय बना. वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए. वैभव ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल का वर्षों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2012 के सीजन में 59 छक्के लगाए थे.

Advertisement

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वैभव सूर्यवंशी ने हर 4.31 गेंद पर एक छक्का लगाया. यानी गेंदबाजों को उनके सामने राहत लेने का मौका ही नहीं मिला. वहीं गेल ने अपने ऐतिहासिक सीजन में हर 7.73 गेंद पर एक छक्का जड़ा था. इस आंकड़े ने ही बता दिया कि 15 साल का यह बल्लेबाज किस स्तर की तबाही मचा रहा था.

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने के बेहद करीब भी पहुंच गए थे. राजस्थान रॉयल्स के आखिरी लीग मुकाबले में उन्हें 29वीं गेंद पर बाउंड्री लगाकर रिकॉर्ड तोड़ना था, लेकिन वह थर्ड मैन पर कैच आउट हो गए. हालांकि इसके बावजूद उन्होंने पूरे सीजन में अपनी निडर बल्लेबाजी से करोड़ों फैन्स का दिल जीत लिया.

दूसरी तरफ डिफेंडिंग चैम्पियन आरसीबी लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी है. विराट कोहली, रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड जैसे बल्लेबाजों ने पूरे सीजन टीम को मजबूती दी है. आरसीबी इस सीजन 9 बार 200+ स्कोर बना चुकी है और टीम जबरदस्त लय में दिख रही है.

वहीं गुजरात टाइटन्स ने खराब शुरुआत के बाद दमदार वापसी की. कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने पूरे सीजन विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. वहीं मिड सीजन में टीम से जुड़े जेसन होल्डर ने सिर्फ 10 मैचों में 17 विकेट लेकर जीटी की गेंदबाजी को नई ताकत दी.

Advertisement

ट्रॉफी कोई भी उठाए, आईपीएल 2026 की सबसे बड़ी खोज और सबसे बड़ा सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी ही रहे हैं. इतनी कम उम्र में उन्होंने सिर्फ रिकॉर्ड नहीं तोड़े, बल्कि यह एहसास भी करा दिया कि भारतीय क्रिकेट को आने वाले कई सालों के लिए एक ऐसा बल्लेबाज मिल चुका है, जो अकेले दम पर मैच का रंग बदल सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement