scorecardresearch
 

IPL में ओपनिंग मैच खेलना बन सकता है 'अपशकुन'... आंकड़े देख चौंक जाएंगे

आईपीएल का इतिहास बताता है कि ओपनिंग मैच खेलने वाली टीम के लिए ट्रॉफी तक पहुंचना आसान नहीं रहा. ऐसे में आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद की टेंशन तो थोड़ी-बहुत जरूर बढ़ गई है, जिन्हें आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच में आमने-सामने होना है.

Advertisement
X
आरसीबी-सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2026 का ओपनिंग मुकाबला होना है. (Photo: BCCI)
आरसीबी-सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2026 का ओपनिंग मुकाबला होना है. (Photo: BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च को होने जा रहा है, जबकि इसका खिताबी मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा. आईपीएल 2026 का ओपनिंग मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. आरसीबी ने पिछले सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर पहली बार आईपीएल खिताब जीता था. ऐसे में आरसीबी के फैन्स को इस बार भी अपनी टीम से बड़ी उम्मीदें हैं.

आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले एक ऐसा रिकॉर्ड सामने आया है, जो ओपनिंग मैच खेलने वाली टीमों के लिए थोड़ा चिंता बढ़ाने वाला है. आईपीएल में 2008 से लेकर अब तक कुल 18 सीजन खेले जा चुके हैं. इन 18 सीजन में सिर्फ 7 बार (2011, 2014, 2015, 2018, 2020, 2023, 2025) ऐसा हुआ, जब ओपनिंग मैच खेलने वाली टीम ने उसी साल खिताब भी जीता. यानी ज्यादातर मौकों पर टूर्नामेंट का पहला मैच खेलने वाली टीम्स ट्रॉफी तक नहीं पहुंच पाईं.

यह भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की फिटनेस को लेकर टेंशन में RCB!

दिलचस्प बात यह है कि ओपनिंग मैच जीतना भी खिताब की गारंटी नहीं देता. सिर्फ 4 बार (2011, 2014, 2018, 2025) ऐसा हुआ है, जब ओपनिंग मैच जीतने वाली टीम उसी सीजन में चैम्पियन भी बनी. वहीं 3 बार (2015, 2020, 2023) ऐसी भी हुआ, जब ओपनिंग मैच हारने वाली टीम ने बाद में शानदार वापसी करते हुए ट्रॉफी जीत ली.

Advertisement

आईपीएल में सबसे ज्यादा 5-5 खिताब जीतने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है. मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताबी जीत हासिल की. जबकि चेन्नई सुपर किंग्स 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल चैम्पियन बनी.

कोलकाता नाइट राइडर्स भी तीन बार (2012, 2014, 2024) ट्रॉफी जीत चुकी है. इसके अलावा हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने दो बार (डेक्कन चार्जर्स 2009, सनराइजर्स हैदराबाद 2016) आईपीएल टाइटल जीता. जबकि राजस्थान रॉयल्स (2008), गुजरात टाइटन्स (2022) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 1-1 बार खिताब अपने नाम किया.

IPL में विजेता टीम की पूरी लिस्ट

सीजन विजेता उपविजेता ओपनिंग मैच
2008 राजस्थान रॉयल्स चेन्नई सुपर किंग्स केकेआर ने आरसीबी को 140 रनों से हराया
2009 डेक्कन चार्जर्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुंबई ने चेन्नई को 19 रनों से हराया
2010 चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई इंडियंस केकेआर ने हैदराबाद को 11 रनों से रौंदा
2011 चेन्नई सुपर किंग्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुर चेन्नई ने केकेआर को 2 रनों से रौंदा
2012 कोलकाता नाइट राइडर्स चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया
2013 मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स केकेआर ने दिल्ली को 6 विकेट से हराया
2014 कोलकाता नाइट राइडर्स किंग्स इलेवन पंजाब केकेआर ने मुंबई को 41 रनों से रौंदा
2015 मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स केकेआर ने मुंबई को 7 विकेट से रौंदा
2016 सनराइजर्स हैदराबाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पुणे ने मुंबई को 9 विकेट से हराया
2017 मुंबई इंडियंस पुणे सुपर जायंट्स हैदराबाद ने आरसीबी को 35 रनों से हराया
2018 चेन्नई सुपर किंग्स सनराइजर्स हैदराबाद चेन्नई ने मुंबई को 1 विकेट से रौंदा
2019 मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स चेन्नई ने आरसीबी को 7 विकेट से रौंदा
2020 मुंबई इंडियंस दिल्ली कैपिटल्स चेन्नई ने मुंबई को 5 विकेट से हराया
2021 चेन्नई सुपर किंग्स कोलकाता नाइट राइडर्स आरसीबी ने मुंबई को 2 विकेट से हराया
2022 गुजरात टाइटन्स राजस्थान रॉयल्स केकेआर ने चेन्नई को 6 विकेट से रौंदा
2023 गुजरात टाइटन्स  चेन्नई सुपर क‍िंग्स   गुजरात ने चेन्नई को 5 व‍िकेट से रौंदा
2024 कोलकाता नाइट राइडर्स सनराइजर्स हैदराबाद चेन्नई ने आरसीबी को 6 विकेट से हराया
2025 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पंजाब किंग्स आरसीबी ने केकेआर को 7 विकेट से हराया

आईपीएल में कुछ टीमें ऐसी भी हैं जो पहले सीजन से हिस्सा ले रही हैं, लेकिन अब तक ट्रॉफी नहीं जीत सकी हैं. इनमें दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) शामिल हैं. बीच में पुणे वॉरियर्स, कोच्चि टस्कर्स, गुजरात लायंस और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स जैसी टीम्स भी आईपीएल में आईं, लेकिन वो भी चैम्पियन नहीं बन पाईं. 2022 में आईपीएल में शामिल हुई लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) भी अभी तक खिताब नहीं जीत सकी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement