हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार (5 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने नई गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की पूरी बल्लेबाजी प्लानिंग ध्वस्त हो गई. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के इस ब्लॉकबस्टर मुकाबले में शमी ने सिर्फ 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट झटके. यह सिर्फ एक शानदार स्पेल ही नहीं था, साथ ही एक कहानी थी जिसमें अतीत और वर्तमान आमने-सामने थे.
मोहम्मद शमी ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को डक पर आउट किया. फिर अपने अगले ओवर में पहली गेंद पर ट्रेविस हेड (7 रन) को पवेलियन भेजा. शमी की कातिलाना गेंदबाजी के चलते सनराइजर्स हैदराबाद ने पावरप्ले में सिर्फ 22 रन बनाए. यह वही टीम है, जिसने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ पिछले मैच में 226 रन ठोके थे.
दाएं हाथ के फास्ट बॉलर मोहम्मद शमी के इस स्पेल की खास बात सिर्फ विकेट ही नहीं थी, बल्कि रन पर पूरी तरह लगाम लगाना था. शमी ने बल्लेबाजों को 'रिलीज शॉट' खेलने का कोई मौका नहीं दिया. हर गेंद पर दबाव बनाया, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज खुलकर खेलने के बजाय बचाव में चले गए.
SRH ने शमी को किया था ट्रेड
जब एक गेंदबाज रन रोक देता है, तो दूसरे गेंदबाजों के लिए विकेट लेना आसान हो जाता है और यही यहां हुआ. दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव ने भी उसी दबाव का फायदा उठाया. इस कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट यही है कि मोहम्मद शमी को काव्या मारन की टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स के हाथों ट्रेड किया था.
आईपीएल 2025 में मोहम्मद शमी का प्रदर्शन खराब रहा था, जहां उन्होंने 9 मैचों में 11.23 की इकोनॉमी रेट से सिर्फ 6 विकेट झटके. ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद का फैसला गलत नहीं लगा था. लेकिन समय हमेशा एक जैसा नहीं होता है और परिस्थितियां बदलने में देर नहीं लगती.
अब इस मैच में वही मोहम्मद शमी कंट्रोल, स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ के साथ बिल्कुल अलग अवतार में दिखे. लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह डील अब फायदे का सौदा नजर आ रही है. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह एक भुला देने वाली याद बन गई है क्योंकि उन्होंने जिस गेंदबाज को छोड़ा, शायद उस बॉलर की उन्हें सबसे ज्यादा जरूरत थी.