आईपीएल 2026 का 15वां मुकाबला गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जॉयट्स के बीच खेला जाएगा. लगातार खराब प्रदर्शन और बल्लेबाजी में अस्थिरता के बीच कोलकाता की टीम इस मुकाबले में बड़े बदलाव के साथ उतर सकती है.
दूसरी ओर लखनऊ की टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है. खासकर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 विकेट लेकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी. शमी ने लगातार ओवरों में अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड को आउट किया था.
ईडन गार्डन्स पर शमी बन सकते हैं बड़ा खतरा
Eden Gardens की पिच पर सीम और मूवमेंट मिल सकती है, जो शमी जैसे गेंदबाज के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है. सीधे सीम पर गेंदबाजी करने में माहिर शमी के सामने केकेआर की कमजोर बल्लेबाजी की असली परीक्षा होगी.
कैसा रहेगा कोलकाता में मौसम
बारिश का खतरा एक बार फिर बना हुआ है. पिछले तीन दिनों से कोलकाता में मौसम खराब रहा है और बुधवार देर रात व गुरुवार सुबह बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि मैच रात 7:30 बजे शुरू होना है, इसलिए मुकाबले पर ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है.
बल्लेबाजी में बदलाव कर सकती है केकेआर
केकेआर अब तक Ajinkya Rahane और Finn Allen की ओपनिंग जोड़ी के साथ उतरी है, लेकिन इसे ज्यादा सफलता नहीं मिली. ऐसे में टीम Tim Seifert को मौका देकर फिन एलन के साथ न्यूजीलैंड की जोड़ी को फिर से एक साथ उतार सकती है.
मिडिल ऑर्डर में रचिन रविंद्र को भी मौका मिल सकता है, जो बल्लेबाजी के साथ स्पिन गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं.
केकेआर की सबसे बड़ी चिंता उनके अनुभवी स्पिनर सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म है. नरेन ने अब तक 8 ओवर में सिर्फ 1 विकेट लिया है और 69 रन खर्च किए हैं, जबकि वरुण अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं.
ग्रीन पर रहेगी नजर
इसके अलावा टीम के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरून ग्रीन भी बल्ले से फ्लॉप रहे हैं. उन्होंने अब तक 18, 2 और 4 रन बनाए हैं. साथ ही वह अभी तक गेंदबाजी भी नहीं कर पाए हैं क्योंकि Cricket Australia ने उनके वर्कलोड को लेकर गाइडलाइन तय की हुई है.
लखनऊ की बल्लेबाजी में गहराई
लखनऊ की टीम पिछले मैच में मिली जीत से काफी उत्साहित होगी. कप्तान ऋषभ पंत ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 68 रन बनाए थे और मैच को शानदार तरीके से खत्म किया था. लखनऊ के पास मिचेल मार्श और मारक्रम जैसे बल्लेबाज भी हैं, जो पावरप्ले में तेजी से रन बना सकते हैं. ऐसे में केकेआर के संघर्ष कर रहे गेंदबाजों के सामने यह बड़ी चुनौती होगी.
अगर शमी और लखनऊ के गेंदबाज शुरुआती झटके देने में सफल रहते हैं, तो केकेआर के लिए पहली जीत हासिल करना मुश्किल हो सकता है.
लखनऊ सुपर जॉयंट्स की संभावित प्लेइंग 11: मिचेल मार्श, ऋषभ पंत, एडन मार्करम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव.
केकेआर की संभावित प्लेइंग 11ः अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और ब्लेसिंग मुजरबानी.