आईपीएल 2026 में येलो आर्मी का इंतजार अब खत्म हो सकता है. इस सीजन में अब तक मैदान से दूर रहे दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी ने वापसी के सबसे साफ संकेत दे दिए हैं. गुरुवार को धोनी को चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम बस में एयरपोर्ट के लिए रवाना होते देखा गया, जहां से टीम हैदराबाद के लिए निकली. शनिवार को चेन्नई का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होना है.
धोनी ग्रोइन इंजरी के कारण आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों से बाहर चल रहे थे. इससे पहले वह गुवाहाटी और बेंगलुरु के दौरे पर भी टीम के साथ नहीं गए थे. लेकिन इस बार उनका टीम के साथ यात्रा करना सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. माना जा रहा है कि वह हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन सकते हैं.
फिट नजर आ रहे हैं धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स के सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किए गए एक वीडियो में धोनी फिट नजर आए. वीडियो में वह चेन्नई में टीम बस में चढ़ते दिखे और बाहर खड़े फैंस का अभिवादन करते नजर आए. फैंस “थाला-थाला” के नारे लगा रहे थे, और धोनी ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन भी किया. टीम ने इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा- On Time, All set for Hyderabad.”
धोनी की चोट को लेकर पहले इसे कैल्फ स्ट्रेन बताया गया था, लेकिन बाद में साफ हुआ कि उन्हें ग्रोइन में दिक्कत है. उनकी गैरमौजूदगी में टीम ने धीरे-धीरे लय पकड़ी है. शुरुआती चार में से तीन मैच हारने के बाद अब टीम लगातार दो मैच जीतकर वापसी कर चुकी है.
अंक तालिका में 8वें नंबर पर है सीएसके
चेन्नई सुपर किंग्स अब अंक तालिका में 8वें स्थान पर पहुंच गई है और टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा है. टीम को साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस और स्पिनर नूर अहमद से काफी फायदा मिला है. नूर अहमद को हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था.
यह भी पढ़ें: MS धोनी फिट नहीं, पेसर खलील अहमद भी IPL से बाहर, CSK तो घायलों की फौज बन गई
धोनी की वापसी से बढ़ेगी टेंशन
अब जब टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है, ऐसे में धोनी की वापसी टीम मैनेजमेंट के लिए एक दिलचस्प चुनौती बन सकती है. संजू सैमसन विकेट के पीछे और मिडिल ऑर्डर में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि गेंदबाजों ने लगातार दो मैचों में स्कोर डिफेंड किया है.
शनिवार के मैच में धोनी खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा, जो शुक्रवार के प्रैक्टिस सेशन में तय होगा. टीम मैनेजमेंट उन्हें धीरे-धीरे वापसी का मौका दे सकता है, जहां वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर भी खेल सकते हैं.