scorecardresearch
 

IPL में खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड्स की एंट्री पर लगेगा बैन? BCCI लागू करने जा रहा सख्त नियम

बीसीसीआई का मानना है कि कि लगातार बढ़ती गैर-जरूरी मूवमेंट से एंटी-करप्शन और सुरक्षा प्रोटोकॉल कमजोर हो सकते हैं. आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ियों और टीमों की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता.

Advertisement
X
बीसीसीआई सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर सख्त (Photo: Reuters)
बीसीसीआई सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर सख्त (Photo: Reuters)

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) टीमों के साथ घूम रहे गैर-अधिकृत लोगों को लेकर सख्त रुख अपना लिया है. बोर्ड ने साफ संकेत दिए हैं कि अब खिलाड़ियों के साथ टीम होटल, बस, ड्रेसिंग रूम और अन्य प्रतिबंधित इलाकों में सिर्फ अधिकृत लोगों को ही एंट्री मिलेगी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीजन खिलाड़ियों की कथित गर्लफ्रेंड्स, करीबी दोस्तों और गैर-टीम सदस्यों की बढ़ती मौजूदगी ने बीसीसीआई की चिंता बढ़ा दी है. अब बोर्ड नई एडवाइजरी जारी कर नियमों को और सख्ती से लागू करने की तैयारी में है.

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने स्वीकार किया कि आईपीएल 2026 के दौरान कई ऐसी घटनाएं सामने आईं, जो एंटी-करप्शन और सुरक्षा प्रोटोकॉल के खिलाफ थीं. उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, 'कुछ गैर-अधिकृत लोग टीम होटल, खिलाड़ियों के कमरों और टीम अधिकारियों के कमरों तक पहुंच रहे हैं. यह पूरी तरह एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल के खिलाफ है.'

इस सीजन सोशल मीडिया और आईपीएल ब्रॉडकास्ट में कई बार खिलाड़ियों के साथ उनके करीबी लोगों को देखा गया. इनमें हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, अर्शदीप सिंह और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों के नाम चर्चा में रहे. रिपोर्ट्स के अनुसार, कई गैर-टीम सदस्य लगातार टीम होटल, ट्रैवल मूवमेंट और फ्रेंचाइजी सेटअप के आसपास नजर आए.

Advertisement

बीसीसीआई सिर्फ खिलाड़ियों के करीबी लोगों से ही परेशान नहीं है. बोर्ड ने कुछ टीम मालिकों और अधिकारियों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई है. देवाजित सैकिया ने कहा, 'कुछ टीम मालिक और अधिकारी उन इलाकों में खिलाड़ियों के साथ देखे गए जहां उनकी अनुमति नहीं थी. प्रोटोकॉल में ढील दी गई है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.'

बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि अब नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई होगी. नई एडवाइजरी लागू होने के बाद टीम होटल में एंट्री और सख्त होगा, ड्रेसिंग रूम एक्सेस सीमित रहेगा. साथ ही बस और टीम ट्रैवल पर कड़ी निगरानी होगी. सिर्फ अधिकृत स्टाफ और मान्यता प्राप्त लोगों को ही अनुमति मिलेगी. बोर्ड का मानना है कि लगातार बढ़ती गैर-जरूरी मौजूदगी से सुरक्षा और एंटी-करप्शन सिस्टम कमजोर पड़ सकता है. आईपीएल जैसे हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की सुरक्षा और गोपनीयता सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

अगर बीसीसीआई की नई गाइडलाइन पूरी तरह लागू होती है, तो आने वाले समय में टीमों के साथ खिलाड़ियों के निजी लोगों की मौजूदगी काफी कम हो सकती है. इससे आईपीएल टीमों के ट्रैवल और होटल माहौल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement