IND vs SA: भारतीय टीम के लिए उसका मध्यक्रम चिंता का सबब बना हुआ है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे कुछ खास नहीं कर पाए. दोनों ही खिलाड़ियों पर टीम मैनेजमेंट काफी विश्वास जताती है, लेकिन काफी समय से वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे.
पुजारा-रहाणे की लिस्ट में अब विकेटकीपर ऋषभ पंत भी शामिल हो चुके हैं. सोमवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में पंत 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उन्हें मार्को जानसेन ने विकेटकीपर काइल वेरेने के हाथों कैच आउट कराया. पंत टेस्ट क्रिकेट में स्विंग एवं उछाल भरी गेंदों पर अक्सर परेशान दिखते हैं. इस डिस्मिसल में भी यही नजारा देखने को मिला था.
पिछली 12 पारी में बनाए 250 रन
ऋषभ पंत ने अपना पिछला शतक साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था. तब उन्होंने अहमदाबाद टेस्ट में 101 रनों की पारी खेली थी. उस शतक के बाद ऋषभ पंत ने कुल 12 पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने एक अर्धशतक की मदद से कुल 250 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 20.83 का रहा है.
ऋषभ पंत आखिरी 12 इनिंग्स में: 4, 41, 25, 37, 22, 2, 1, 9, 50, 8, 34, 17
ऋषभ पंत के लिए साल 2021 की शुरुआत काफी अच्छी रही थी. पंत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कमाल का प्रदर्शन किया था और टीम इंडिया की ऐतिहासिक सीरीज जीत अहम भूमिका निभाई थी. जहां सिडनी टेस्ट की आखिरी पारी में उन्होंने 97 रन बनाकर मैच ड्रॉ करवाने में अहम भूमिका निभाई थी.
वहीं, ब्रिस्बेन टेस्ट में नाबाद 89 रन बनाकर टीम को जीत के दरवाजे तक पहुंचाया था. सीरीज जीती. पंत ने इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में अपने फॉर्म को जारी रखा. लेकिन उस सीरीज के बाद से वह आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं. पंत आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन जब वह टेस्ट में रन नहीं बनाएंगे तो फैंस का सवाल उठाना लाजिमी है.