भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने से पहले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी छाए हुए हैं. टीम इंडिया के लिए अभी तक डेब्यू नहीं करने वाले इस आतिशी बल्लेबाज की प्रतिभा का असर अब इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम तक भी पहुंच गया है.
इंग्लैंड की टी20 टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने वैभव की जमकर तारीफ की, लेकिन साथ ही यह भी साफ कर दिया कि अगर उन्हें पहले टी20 में खेलने का मौका मिलता है तो मेजबान टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेगी.
मैच से पहले मीडिया से बातचीत में हैरी ब्रूक ने कहा कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह असाधारण हैं.
ब्रूक ने कहा- वह निश्चित रूप से बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. 15 साल की उम्र में उन्होंने जो किया है, वह अविश्वसनीय है. अगर वह खेलते हैं तो उनके खिलाफ खेलने का इंतजार रहेगा. लेकिन हमने उनके लिए अपनी रणनीति तैयार कर रखी है. हमारा प्रयास यही होगा कि जितनी अच्छी तैयारी कर सकते हैं, करें ताकि हमारे जीतने की संभावना बढ़ सके. ध्यान रहे पहले टी20 के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग 11 पहले ही घोषित कर दी है.
Harry Brook was full of praise for India's new teenage star Vaibhav Sooryavanshi, but says if he plays, they're ready for him 🏏 pic.twitter.com/sG0m885TUw
— Sky Sports Cricket (@SkyCricket) July 1, 2026
डेब्यू पर अब भी सस्पेंस
वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टी20 टीम में जगह मिली थी, लेकिन आयरलैंड दौरे पर उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर सस्पेंस बना हुआ है.
हाल के दिनों में कई पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने वैभव को लेकर अलग-अलग राय दी है. कुछ का मानना है कि उन्हें तुरंत मौका मिलना चाहिए, जबकि कुछ का कहना है कि टीम मैनेजमेंट को सही समय का इंतजार करना चाहिए.
15 साल की उम्र में ही दुनिया की नजर
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से सभी को प्रभावित किया था. इसके बाद से उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है. यही वजह है कि डेब्यू से पहले ही विपक्षी टीम भी उनके खेल का विश्लेषण कर रही है और उनके खिलाफ रणनीति तैयार कर चुकी है.
अगर वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में मौका मिलता है तो उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यादगार शुरुआत करने का अवसर होगा. वहीं इंग्लैंड की कोशिश होगी कि इस युवा बल्लेबाज को शुरुआत में ही दबाव में रखा जाए.
चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी20 इंटरनेशनल के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, साकिब महमूद.
चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी20 इंटरनेशनल के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती.
इंग्लैंड का टी20 स्क्वॉड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, जॉर्डन कॉक्स, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद, सोनी बेकर
भारत का टी20 स्क्वॉड: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वॉशिंगटन सुंदर, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई