scorecardresearch
 

रेप केस के चलते करियर पर लगा था ब्रेक, अब नई टीम के लिए मैदान पर उतरेगा ये IPL स्टार

यश दयाल के पास अब खुद को साबित करने का सबसे बड़ा मौका है. अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या छत्तीसगढ़ टीम की जर्सी पहनकर वह अपने करियर को नई उड़ान दे पाते हैं या नहीं. यश दयाल आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे.

Advertisement
X
यश दयाल अपने क्रिकेट करियर की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. (Photo: PTI)
यश दयाल अपने क्रिकेट करियर की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. (Photo: PTI)

कभी भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए तेज गेंदबाजों में गिने जाने वाले यश दयाल अब अपने करियर को नई दिशा देने की तैयारी में हैं. लंबे समय तक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले यश आगामी घरेलू सीजन से पहले छत्तीसगढ़ का दामन थामने जा रहे हैं. उनका अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और वह पहले ही कर्नाटक के अलूर में चल रहे छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैम्प से जुड़ चुके हैं.

यश दयाल पिछले एक साल से ज्यादा समय से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं. उनका आखिरी मान्यता प्राप्त मुकाबला आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2025 का फाइनल था, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी.

विवादों में रहे हैं यश दयाल
आईपीएल 2025 के बाद यश दयाल का क्रिकेट करियर अचानक विवादों में घिर गया. उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में यौन शोषण के आरोप लगाए गए. हालांकि यश दयाल ने इन सभी आरोपों को खारिज किया. पहला मामला गाजियाबाद में दर्ज हुआ, जहां एक महिला ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में धोखा देने का आरोप लगाया.

इसके बाद जयपुर में दूसरा मामला दर्ज हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया कि संबंध की शुरुआत उस समय हुई थी, जब लड़की नाबालिग थी. इस मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं. इन मामलों के चलते यश दयाल की क्रिकेट गतिविधियां लगभग पूरी तरह रुक गईं. उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने उन्हें UP T20 लीग से बाहर रखा और वह घरेलू क्रिकेट से भी दूर हो गए.
यह भी पढ़ें: 102 मीटर का छक्का छोड़िए... इस पारी ने बताया- वैभव सिर्फ छक्के मारने नहीं, मैच बनाने भी आए हैं

Advertisement

कानूनी विवादों के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 से पहले यश दयाल को अपनी टीम में बरकरार रखा. हालांकि परिस्थितियां ऐसी रहीं कि वह पूरे सीजन टीम का हिस्सा नहीं बन सके. उस समय RCB के क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने कहा था कि मौजूदा हालात को देखते हुए दयाल का टीम के साथ रहना ना तो खिलाड़ी और न ही फ्रेंचाइजी के हित में था. बाद में यश दयाल ने भी संकेत दिए कि आईपीएल से दूर रहने का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय नहीं था.

कुछ सप्ताह पहले ऐसा लग रहा था कि यश दयाल की वापसी का रास्ता साफ हो चुका है. उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा था कि कानूनी मामलों के सुलझने के बाद उन्हें एनओसी देने में कोई दिक्कत नहीं होगी. इसके बाद गोरखपुर लॉयन्स ने उन्हें UP T20 लीग 2026 के लिए रिटेन भी किया. उन्होंने टीम के साथ अभ्यास भी शुरू कर दिया था. लेकिन नीलामी के बाद घोषित अंतिम 18 सदस्यीय टीम में उनका नाम नहीं था. इस फैसले पर UPCA ने कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया.
यह भी पढ़ें: प्लेयर ऑफ द सीरीज बने वैभव सूर्यवंशी... लेकिन कोच वीवीएस लक्ष्मण ने बता दी सबसे बड़ी कमी

Advertisement

यश दयाल ने संभावित परिस्थितियों को भांपते हुए पहले ही छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ से संपर्क कर लिया था. अब वह घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे. माना जा रहा है कि यहां उन्हें लगातार मैच खेलने का मौका मिलेगा और वह अपने करियर को फिर से पटरी पर ला सकेंगे. बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक, किसी दूसरे राज्य की टीम से घरेलू क्रिकेट खेलने के बावजूद खिलाड़ी फ्रेंचाइजी आधारित राज्य टी20 लीग में खेलने के पात्र रहते हैं.

यानी भविष्य में यश दयाल UP T20 लीग में भी खेल सकते हैं. छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैम्प में भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर जयंत यादव और सौराष्ट्र के अनुभवी ऑलराउंडर धर्मेंद्रसिंह जडेजा भी मौजूद हैं. टीम की कमान पूर्व भारतीय बल्लेबाज अमय खुरासिया के हाथों में है, जिन्होंने हाल ही में केरल को रणजी ट्रॉफी फाइनल तक पहुंचाया था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement