scorecardresearch
 

कॉलिन मुनरो के तूफानी अर्धशतक पर बारिश ने फेरा पानी

कॉलिन मुनरो ने केवल 18 गेंदों पर अर्धशतक ठोका. लेकिन, आखिर में बारिश ने उनके प्रयासों पर पानी फेर दिया.

Advertisement
X
कॉलिन मुनरो
कॉलिन मुनरो

कॉलिन मुनरो ने पिछले साल के अपने विस्फोटक तेवरों को बरकरार रखते हुए आज केवल 18 गेंदों पर अर्धशतक ठोका लेकिन आखिर में बारिश ने उनके प्रयासों पर पानी फेर दिया जिसके कारण न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 इंटरनेशनल मैच बिना नतीजे के समाप्त हुआ.

साल 2017 में टी-20 इंटरनेशनल में दो शतक ठोकने वाले मुनरो ने 23 गेंदों पर 11 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 66 रन बनाए. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जमाया. रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है. मुनरो ने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ ऑकलैंड में केवल 14 गेंदों पर पचासा ठोका था.

बारिश के कारण मैच में केवल नौ ओवर का खेल हो पाया. तब तक न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर नौ विकेट पर 102 रन बनाए. मूसलाधार बारिश के कारण आगे का खेल नहीं हो पाया और आखिर में मैच बिना परिणाम के समाप्त हो गया.

Advertisement

इस तरह से वेस्टइंडीज को इस दौरे में अब भी पहली जीत की दरकार है. तीसरा और अंतिम टी-20 मैच तीन जनवरी को इसी मैदान पर खेला जाएगा. मुनरो ने हालांकि इससे पहले दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.

उन्होंने मार्टिन गप्टिल (2) के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान केन विलियमसन (नाबाद 17) के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े. मुनरो ने अपने 93.93 प्रतिशत रन चौके-छक्कों से बनाए जो 50 या इससे अधिक रन की पारी में सर्वाधिक है.

उन्होंने विशेष रूप से वेस्टइंडीज के कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट और केनरिक विलियम्स को निशाना बनाया. इन दोनों पर उन्होंने लगातार चार-चार चौके लगाए. विलियम्स की गेंद पर ही आखिर में उन्होंने लांग ऑन पर आसान कैच दिया.

न्यूजीलैंड ने इससे पहले तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 2-0 से और तीन वनडे मैचों की सीरीज 3-0 से जीती थी. उसने नेल्सन में खेला गया पहला टी-20 मैच 47 रन से जीता था.

Advertisement
Advertisement