scorecardresearch
 

टेस्ट क्रिकेट में 'बैजबॉल' युग का अंत! इंग्लैंड टीम के हेड कोच पद से हटे ब्रैंडन मैक्कुलम

इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट में 'बैजबॉल' युग की शुरुआत कराने वाले ब्रैंडन मैक्कुलम ने टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से विदाई ले ली है. हालांकि, वह इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीमों के हेड कोच बने रहेंगे. चार साल के कार्यकाल में मैक्कुलम और बेन स्टोक्स की जोड़ी ने इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट की सोच और शैली बदल दी. अब ईसीबी एशेज 2027 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए नए टेस्ट हेड कोच की तलाश शुरू करेगा.

Advertisement
X
ब्रैंडन मैक्कुलम ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच का पद छोड़ा. (Photo: AFP)
ब्रैंडन मैक्कुलम ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच का पद छोड़ा. (Photo: AFP)

बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद ब्रैंडन मैक्कुलम की भी इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच पद से विदाई हो गई है. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने घोषणा की है कि ब्रैंडन मैक्कुलम इंग्लैंड मेंस टेस्ट टीम के हेड कोच का पद छोड़ेंगे. हालांकि, वह इंग्लैंड की वनडे और टी20 (व्हाइट-बॉल) टीमों के मुख्य कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे. इसी के साथ मैक्कुलम का इंग्लिश टेस्ट टीम के साथ हेड कोच के रूप में चार साल का कार्यकाल समाप्त हो गया है. 

उनकी कोचिंग और बेन स्टोक्स की कैप्टेंसी के दौरान इंग्लैंड की टीम ने टेस्ट क्रिकेट में आक्रामक और सकारात्मक खेल की नई संस्कृति बनाई, जिसे बैजबॉल (Bazball) नाम दिया गया. स्टोक्स और मैक्कुलम की कप्तान और कोच की जोड़ी को इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट के सबसे रोमांचक और बदलाव लाने वाले दौर में से एक माना जाता है. ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रिचर्ड गोल्ड ने कहा, 'ब्रैंडन ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम में नई ऊर्जा भर दी. उनके कार्यकाल में टीम ने कई यादगार और शानदार जीत दर्ज कीं. हम उनके योगदान के लिए आभारी हैं. अब हमें लगता है कि टेस्ट टीम में बदलाव का यह सही समय है, क्योंकि अगले साल होने वाली एशेज सीरीज को जीतना हमारा प्रमुख लक्ष्य है.'

मैक्कुलम इंग्लैंड की व्हाइट बॉल टीम के कोच बने रहेंगे

Advertisement

मैक्कुलम की कोचिंग में इंग्लैंड की टी20 टीम इस साल आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंची थी. हाल ही में इंग्लैंड ने भारत को हराकर टी20 में दुनिया की नंबर-1 रैंकिंग भी हासिल की है. ऐसे में वह अब पूरी तरह व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगे. इंग्लैंड मेंस क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने कहा, 'ब्रैंडन मैक्कुलम के नेतृत्व में इंग्लैंड टेस्ट टीम ने हाल के वर्षों के कुछ सबसे यादगार पल देखे. उन्होंने टीम की सोच और खेलने का तरीका पूरी तरह बदल दिया. खिलाड़ियों ने उनकी कोचिंग स्टाइल का भरपूर आनंद लिया और उन्होंने युवा प्रतिभाओं की ऐसी पीढ़ी तैयार की, जो आने वाले वर्षों में इंग्लैंड क्रिकेट की रीढ़ बनेगी.'

इंग्लिश टीम की कोचिंग करना पसंद आया: मैक्कुलम

अपने फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रैंडन मैक्कुलम ने कहा, 'मुझे इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कोचिंग करना बेहद पसंद आया और हमने जो कुछ भी हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है. इस सफर में कई शानदार पल आए और कुछ कठिन दिन भी रहे, लेकिन यही इस तरह की चुनौती का हिस्सा होता है. मेरे लिए यह सम्मान और सौभाग्य की बात रही. मैं खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और उन सभी प्रशंसकों का आभारी हूं, जिन्होंने पूरे सफर में हमारा साथ दिया. निश्चित रूप से मुझे दुख है कि मैं टेस्ट टीम के साथ आगे नहीं रहूंगा, लेकिन मैं इस फैसले का सम्मान करता हूं. अब मेरा पूरा ध्यान व्हाइट-बॉल टीमों को और बेहतर बनाने पर रहेगा.'

Advertisement

ब्रैंडन मैक्कुलम ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'ड्रेसिंग रूम में बेहतरीन प्रतिभाएं मौजूद हैं और यह टैलेंटेड खिलाड़ियों का स्पेशल ग्रुप है. मैं हमेशा टीम का समर्थन करता रहूंगा और उम्मीद करता हूं कि वे आगे भी इंग्लैंड को गौरवान्वित करते रहेंगे.' ईसीबी ने बताया कि इंग्लैंड मेंस टेस्ट टीम के नए हेड कोच की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए हेड कोच के लिए जिन नामों की चर्चा है उनमें रिचर्ड डॉसन, एंडी फ्लावर और जोनाथन ट्रॉट शामिल हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement