टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले एडम वोग्स के नॉटआउट सेंचुरी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.
वोग्स के नॉटआउट 130 रन की मदद से इससे पहले लेग स्पिनर देवेंद्र बिशू ने कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए एक समय उनके छह विकेट 126 रन पर उखाड़ दिए थे. वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 148 रन बनाए थे.
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने आखिरी चार विकेट के लिए 192 रन जोड़े. वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन अपनी दूसरी पारी में दो विकेट 25 रन पर गंवा दिए और अभी भी वह आस्ट्रेलिया से 145 रन पीछे है. सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्रेथवेट 15 और शाइ होप दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं.
बिशू ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 80 रन देकर छह विकेट लिए. वह टेस्ट क्रिकेट में 50 विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे लेग स्पिनर भी बन गए. 36 बरस के होने जा रहे वोग्स ने हालांकि देर से टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण के बावजूद सेंचुरी जमाकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. मिशेल जॉनसन ने 7वें विकेट के लिए उनके साथ 52 रन जोड़े. वहीं नाथन लियोन ने नौवें विकेट के लिये 43 रन की साझेदारी की.