भारत के लिए एशियन पैरा गेम्स में पैरा एथलेटिक्स का पहला गोल्ड जीतने वाले निषाद कुमार ने लॉन्ग जंप में कमाल कर दिया. 27 साल के निषाद ने पुरुषों की T47 लॉन्ग जंप स्पर्धा में 7.11 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. खास बात यह है कि निषाद का यह पहला प्रतिस्पर्धी लॉन्ग जंप मुकाबला था.
दो बार के पैरालंपिक सिल्वर मेडलिस्ट निषाद ने अपने तीसरे और पांचवें प्रयास में 7.11 मीटर की छलांग लगाई. उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव ने 6.99 मीटर के साथ सिल्वर, जबकि श्रीलंका के मोहम्मदु सफरान ने 6.55 मीटर की छलांग लगाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता.
निषाद कुमार ने पिछले एशियन पैरा गेम्स में चीन में पुरुषों की हाई जंप T47 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था. इस बार भी वह अपने पसंदीदा इवेंट हाई जंप T47 में चुनौती पेश करेंगे.
T47 कैटेगरी उन एथलीटों के लिए होती है, जिनके हाथ के ऊपरी हिस्से में शारीरिक अक्षमता होती है. निशाद जब महज छह साल के थे, तब हिमाचल प्रदेश के अंब में उनके परिवार के खेत पर घास काटने वाली मशीन से उनका दायां हाथ कट गया था. इसके बावजूद उन्होंने खेल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है.