scorecardresearch
 

वाराणसी: विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आए भक्तों पर गर्मी का सितम, दौड़ते-भागते आए नजर

इस साल वक्त से पहले ही गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. वहीं अगर वाराणसी की बात करे तो यहां तापमान 40 के पार पहुंच चुका है. वाराणसी में आजकल काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए शिव भक्तों की भारी भीड़ नजर आ रही है. लेकिन भयंकर गर्मी के चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

Advertisement
X
विश्वनाथ धाम
विश्वनाथ धाम
स्टोरी हाइलाइट्स
  • वाराणसी का पारा 40 डिग्री के भी पार जा चुका है
  • इन दिनों काशी विश्वनाथ धाम में शिव भक्तों की काफी भीड़ देखी जा रही है

पुरानी कहावत है कि बगैर तप के जप नहीं. यानी बगैर तपस्या के पूजा भी निरर्थक है. लेकिन यह पुरानी कहावत आज द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख काशी विश्वनाथ मंदिर और सात सौ करोड़ से भी ऊपर की लागत से बनकर तैयार हुए विश्वनाथ कॉरिडोर में चरितार्थ होती दिख रही है. शिव भक्तों की अग्नि परीक्षा कोई और नहीं, बल्कि विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से उस वक्त ली जा रही है जब गर्मी वक्त से पहले ही सितम ढाने लगी है और वाराणसी का पारा 40 डिग्री के भी पार जा चुका है. आलम यह है कि दिन चढ़ते ही कॉरिडोर के पत्थर तपने लग रहे हैं और श्रद्धालुओं को कहीं भी छांव तक मयस्सर नहीं है, लिहाजा आसमान के अंगारे और तपती जमीन से बचने के लिए शिव भक्त विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर में दौड़ लगाते दिख रहे हैं. 

द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख और 700 करोड़ से भी ज्यादा की लागत से बनकर तैयार श्री काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर या विश्वनाथ धाम में इन दिनों शिव भक्तों की मैराथन दौड़ देखकर आप भी चौंक मत जाइएगा. कहीं बच्चों को गोद में लेकर श्रद्धालु भाग रहे हैं तो कहीं बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं तक रेस लगा रही हैं. हैरान होने की जरूरत नहीं है. वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर में किसी तरह की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हुआ है, बल्कि यह सब कुछ शिव भक्त खुद को धूप और गर्मी से बचाने के लिए कर रहें हैं. 

विश्वनाथ धाम

वक्त से पहले पड़ने वाली भीषण गर्मी के चलते दिन होते ही कॉरिडोर में आसमान से अंगारे बरसने लग रहे हैं तो जमीन भट्टी बन जा रही है. इससे बचने के लिए श्रद्धालु परिसर में भागते नजर आ रहे हैं. मंदिर चौक के हिस्से में प्रवेश के वक्त ही श्रद्धालुओं से उनके चप्पल-जूते उतरवा लिए जा रहे हैं. फिर श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर के कुछ दूर पहले लगे मैट तक पैदल ही दौड़कर जाना पड़ रहा है और तपती पथरीली जमीन से बचना पड़ रहा है. रही सही कसर तीखी धूप पूरी कर दे रही है क्योंकि कॉरिडोर में कहीं भी छांव की व्यवस्था मंदिर प्रशासन ने नहीं की है.

Advertisement
varanasi

इस बात से आस्थावान काफी नाराज नजर आए. कोलकाता से आए राजीव बताते हैं कि गर्मी की वजह से पैर जल रहे हैं. अगर कारपेट की व्यवस्था हो जाए तो काफी सहूलियत हो जाएगी. आगे और गर्मी बढ़ेगी तो कष्ट और बढ़ेगा. तो वहीं कोलकाता से ही आए संजय पांडेय ने बताया कि गर्मी की वजह से दिक्कत तो आ रही है. कारपेट लग जाता तो आराम हो जाता और छांव के लिए भी आगे व्यवस्था करनी पड़ेगी. पानी की व्यवस्था मिली है. महाराष्ट्र के अमरावती जिले से आए बुजुर्ग गणेश आचार्य भी दौड़ लगाने वालों में देखे गए और उन्होंने भी बताया कि दर्शन करके प्रसन्नता हुई है, लेकिन मैट और छांव की भी व्यवस्था होनी चाहिए. 

वाराणसी

गाजीपुर से आए चंद्रमौली चौहान ने बताया कि गर्मी से जमीन जल रही है. इसलिए बच्चे को गोद में उठाकर भागना पड़ा है. कोई सुविधा होनी चाहिए. छांव और मैट दोनों होने चाहिए. नेहा मल्होत्रा और शानू मल्होत्रा ने बताया कि मंदिर परिसर में मार्बल से तो आराम है, लेकिन चौक एरिया में पत्थर तप रहे हैं. कम से कम दरी लगनी चाहिए और शेड भी बनाना चाहिए.

काशी विश्वनाथ मंदिर

 

वहीं मंदिर प्रशासन की तरफ से विशेष कार्य अधिकारी उमेश कुमार सिंह ने दावा किया कि दर्शनार्थियों की संख्या में इजाफा हुआ है. जिसके चलते विशेष व्यवस्था करनी पड़ी है और चारों तरफ से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है. दर्शनार्थियों के लिए धूप से बचने की व्यवस्था, पेयजल और मैटिंग की भी व्यवस्था की गई है और अतिरिक्त मैन पावर की भी व्यवस्था कर दी गई है.

Advertisement

 

Advertisement
Advertisement