Shani Mangal Yuti 2026: ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, शनि और मंगल बहुत ही विशेष ग्रह हैं, जिनकी बदलती चाल भी बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जाती है. इस समय शनि मीन राशि में हैं और आने वाले दिनों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. द्रिक पंचांग के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को मंगल भी मीन राशि में प्रवेश करेंगे. इस तरह शनि और मंगल एक ही राशि में साथ आ जाएंगे, जिसे ज्योतिष में युति कहा जाता है. लगभग 18 महीने बाद मंगल का मीन में प्रवेश हो रहा है, इसलिए इसका असर कुछ ज्यादा ही मजबूत माना जा रहा है.
ज्योतिष के अनुसार, शनि और मंगल के बीच अनुकूल युति नहीं होती है, इसलिए इनकी युति कई लोगों के जीवन में तनाव, उलझन और अचानक आने वाली परेशानियां बढ़ा सकती हैं. खासतौर पर कुछ राशियों को इस दौरान ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है. तो आइए जानते हैं उन राशियों के बारे में.
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है. मानसिक दबाव बढ़ सकता है. काम में रुकावटें आ सकती हैं. व्यापार से जुड़े लोगों को खास ध्यान रखने की जरूरत है. जल्दबाजी में फैसले लेने से नुकसान हो सकता है, इसलिए सोच-समझकर ही कदम उठाएं. फिलहाल, नए काम की शुरुआत करने से बचें. पुराने कामों को पूरा करने पर ध्यान दें. यात्रा भी टालना बेहतर रहेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि के लोगों को इस दौरान हर काम सावधानी से करना होगा. थोड़ी सी लापरवाही भी नुकसान दे सकती है. नौकरी और घर के बीच संतुलन बनाना मुश्किल लग सकता है. खर्च बढ़ने से मन परेशान हो सकता है. वैवाहिक जीवन या शादी से जुड़े मामलों में रुकावटें आ सकती हैं. संतान को लेकर भी चिंता बनी रह सकती है. ऐसे में धैर्य और समझदारी से काम लेना ही सबसे अच्छा उपाय होगा.
मीन राशि
चूंकि, यह युति मीन राशि में ही बन रही है, इसलिए इसका सबसे ज्यादा असर इसी राशि के लोगों पर पड़ सकता है. इस समय कोई नया काम शुरू करने से बचना बेहतर रहेगा. मन थोड़ा अस्थिर रह सकता है. छोटी-छोटी बातों पर तनाव महसूस हो सकता है. नए लोगों पर जल्दी भरोसा न करें. कामकाज में भी सावधानी जरूरी होगी, क्योंकि छोटी गलती भी परेशानी बढ़ा सकती है. कोर्ट-कचहरी के मामलों में देरी हो सकती है.