Shani Jayanti 2026: इस बार शनि जयंती 16 मई, शनिवार के दिन मनाई जा रही है और इस दिन शनिदेव मीन राशि में ही विराजमान रहेंगे. दरअसल, शनि जयंती के दिन ग्रहों की स्थिति ऐसी बनी रहेगी जिसका प्रभाव कुछ राशियों पर थोड़ा ज्यादा देखने को मिलेगा. ज्योतिषियों के अनुसार, इस समय मीन, कुंभ और मेष राशि के लोगों पर शनि की साढ़ेसाती चल रही है, जबकि सिंह और धनु राशि के जातक ढैय्या के असर में हैं. आने वाले समय में, यानी साल 2027 में जब शनि अपनी राशि बदलेंगे, तब इन सभी राशियों पर पड़ने वाला प्रभाव भी बदल जाएगा. लेकिन तब तक, यानी करीब अगले एक साल तक, इन राशियों के लोगों को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है.
ऐसे में शनि जयंती का दिन बेहद खास माना जा रहा है. इस दिन किए गए उपाय शनि के अशुभ प्रभाव को कम करने में मदद कर सकते हैं. इसलिए जिन राशियों पर साढ़ेसाती और ढैय्या का असर है, उन्हें खास तौर पर कुछ उपाय जरूर अपनाने चाहिए. अब जानते हैं कि इन राशियों पर शनि का असर कैसा रहेगा और शनि जयंती के दिन उन्हें क्या-क्या करना चाहिए.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों पर इस समय शनि की साढ़ेसाती का पहला चरण चल रहा है, इसलिए जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव महसूस हो सकते हैं. खासतौर पर खर्चें ज्यादा होंगे. अचानक से पैसों की जरूरत बढ़ सकती है. मेहनत करने के बावजूद उम्मीद के मुताबिक अच्छे परिणाम मिलने में देरी होगी, जिससे मन उदास रह सकता है. इस दौरान आत्मविश्वास में कमी और काम का दबाव भी महसूस हो सकता है. इसलिए जल्दबाजी से बचते हुए धैर्य के साथ आगे बढ़ना बेहतर रहेगा.
क्या करें उपाय
1. हर मंगलवार और शनिवार बजरंग बाण का पाठ करना लाभदायक माना जाता है.
2. जरूरतमंद लोगों को काले रंग के कपड़े और चप्पल दान करना शुभ रहेगा.
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए इस समय शनि की साढ़ेसाती का दूसरा चरण चल रहा है. जिसे सबसे चुनौतीपूर्ण माना जाता है. इस दौरान जीवन में चीजें धीरे-धीरे आगे बढ़ती हैं और मेहनत का फल मिलने में समय लग सकता है. आप पूरी लगन से काम करेंगे, लेकिन परिणाम तुरंत नहीं मिलेंगे, जिससे मन में निराशा या थकान महसूस हो सकती है. वहीं घर-परिवार और जीवनसाथी के साथ छोटी-छोटी बातों पर मतभेद या अहंकार टकराव की स्थिति भी बन सकती है, इसलिए रिश्तों में संयम रखना जरूरी है.
क्या करें उपाय
1. शनिवार के दिन काले कुत्ते को रोटी खिलाएं और उस पर थोड़ा सरसों का तेल लगाना शुभ माना जाता है.
2. हर शनिवार सरसों के तेल से भरे कटोरे में अपना चेहरा देखकर छाया दान करना लाभकारी हो सकता है.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों पर इस समय शनि की साढ़ेसाती का आखिरी चरण चल रहा है, इसलिए अब धीरे-धीरे स्थितियों में सुधार के संकेत भी मिलने लगते हैं. हालांकि, अभी भी कुछ चुनौतियां बनी रह सकती हैं, इसलिए लापरवाही से दूर रहें. कामकाज और करियर में हालात बेहतर हो सकते हैं, लेकिन पूरी तरह से राहत मिलने में थोड़ा समय लग सकता है. मेहनत का फल मिलने लगेगा, लेकिन इसके लिए लगातार प्रयास करना जरूरी होगा. इस दौरान जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं, जिससे मानसिक दबाव भी महसूस हो सकता है. आर्थिक स्थिति में भी उतार-चढ़ाव रह सकता है, इसलिए सोच-समझकर खर्च करना बेहतर रहेगा.
क्या करें उपाय
1. शनिवार के दिन शनि देव को सरसों का तेल अर्पित करें.
2. गरीब और जरूरतमंद लोगों को काले तिल, उड़द दाल या काले कपड़ों का दान करें.
शनि की ढैय्या
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों पर इस समय शनि की ढैय्या का प्रभाव बना हुआ है, इसलिए जीवन में कुछ रुकावटें और चुनौतियां सामने आ सकती हैं. काम बनते-बनते अटक सकते हैं, जिससे मन में चिड़चिड़ापन या तनाव बढ़ सकता है. करियर और कामकाज में आपको अपनी क्षमता से ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है, लेकिन उसके अनुसार परिणाम मिलने में देरी हो सकती है. ऐसे में धैर्य बनाए रखना और लगातार प्रयास करते रहना ही आपके लिए फायदेमंद रहेगा. पारिवारिक जीवन में भी कभी-कभी मतभेद की स्थिति बन सकती है, इसलिए बातों को बढ़ाने के बजाय समझदारी से सुलझाना बेहतर रहेगा. आर्थिक मामलों में भी सोच-समझकर फैसले लें, क्योंकि अनावश्यक खर्च बढ़ सकता है.
क्या करें उपाय
1. शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं.
2. जरूरतमंद लोगों को काली उड़द और तिल का दान करें.
धनु राशि
धनु राशि के जातकों पर इस समय शनि की ढैय्या का असर देखने को मिल रहा है, इसलिए जीवन में थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है. इस दौरान कई कामों में देरी या रुकावट आ सकती है, जिससे मन में बेचैनी महसूस हो सकती है. करियर के मामले में आपको अपेक्षा से ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है, लेकिन परिणाम धीरे-धीरे ही मिलेंगे. ऐसे में धैर्य बनाए रखना और जल्दबाजी से बचना ही आपके लिए सही रहेगा. पैसों के मामले में भी सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं. परिवार और रिश्तों में भी छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव हो सकता है, इसलिए बातचीत में संयम रखना जरूरी है.
क्या करें उपाय
1. शनिवार के दिन शनि देव को काले तिल और सरसों का तेल अर्पित करें.
2. गरीबों और जरूरतमंदों को काले कपड़े या उड़द दाल का दान करें.