Guru Gochar 2026: देवगुरु बृहस्पति ने मिथुन राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश कर लिया है. वृषभ राशि के लिए यह गोचर तीसरे भाव में हुआ है. ज्योतिषीय दृष्टि से यह गोचर कार्यक्षेत्र में मजबूत स्थिति, नए अवसर और खूब मान-सम्मान दिलाने वाला माना जा रहा है. हालांकि सफलता के साथ कुछ नई और बड़ी जिम्मेदारियां भी बढ़ने वाली हैं. इसलिए आलस्य और लापरवाही से बचने की सलाह दी गई है. ज्योतिषाचार्य प्रवीण मिश्र से जानते हैं कि यह गोचर वृषभ राशि के लिए कैसा रहने वाला है.
आर्थिक
बृहस्पति का यह गोचर वृषभ राशि के जातकों को आर्थिक मामलों में आगे बढ़ने के अवसर दे सकता है. जो लोग अपनी आय बढ़ाने के लिए नए प्रयास कर रहे हैं, उन्हें सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना है. व्यापार से जुड़े लोगों को धन कमाने के नए अवसर मिल सकते हैं. समय पर सही निर्णय लेने से आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है. पुराने निवेश से लाभान्वित रहेंगे.
करियर
नौकरीपेशा और व्यवसायी दोनों वर्गों के लिए यह गोचर करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कार्यक्षेत्र से जुड़ी यात्राओं के योग बन सकते हैं. लंबी यात्राएं भविष्य में लाभ और प्रगति का मार्ग खोल सकती हैं. नौकरीपेशाओं का प्रमोशन-इन्क्रीमेंट हो सकता है. कारोबार में विस्तार का मौका और नए संपर्कों का लाभ मिल सकता है.
निजी जीवन
इस अवधि में आपका कार्यभार बढ़ सकता है. नौकरी या व्यवसाय के कारण व्यस्तता अधिक रहने की संभावना है. परिवार और कार्यक्षेत्र के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा. ऑफिस या व्यापार का तनाव घर तक न लेकर जाएं. पारिवारिक वातावरण को शांत और सकारात्मक बनाए रखने का प्रयास करें.
सेहत
इस गोचर में किसी बड़ी स्वास्थ्य चुनौती का संकेत नहीं दिया गया है. लेकिन लापरवाही से नुकसान होने की आशंका बताई गई है. जरूरी कामों को टालने की आदत तनाव बढ़ा सकती है. इसलिए दिनचर्या को व्यवस्थित रखें और कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें. आलस्य को हावी न होने दें और समय का सही उपयोग करें.
उपाय
बृहस्पति के शुभ प्रभाव को बढ़ाने के लिए वृषभ राशि के जातकों को प्रत्येक गुरुवार किसी जरूरतमंद या गरीब व्यक्ति को भोजन कराना चाहिए. यह उपाय बृहस्पति की कृपा प्राप्त करने और जीवन में सकारात्मक परिणाम बढ़ाने में सहायक होता है.