राजस्थान की धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में मेले के आखरी दिन में एक बार फिर मारपीट का मामला सामने आया है. जहां तीन युवकों में जमकर मारपीट हुई. तीनों युवक श्रद्धालुओं को अपने-अपने गेस्ट हाउस में लेकर जाने की बात पर भीड़ गए. इसी बीच युवकों में मामला इतना बढ़ गया कि तीनों युवाओं ने एक-दूसरे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया. घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरे वाकये का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. जो अब वायरल हो रहा है.
फाल्गुनी मेले के चलते हर दिन पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु
राजस्थान के सीकर जिले के खाटू श्याम में फाल्गुनी मेले के चलते प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस दौरान 28 फरवरी की देर रात करीब 12 बजे तोरण द्वार के पास तीन युवक आपस में यात्रियों को अपने गेस्ट हाउस में ले जाने की बात को लेकर झगड़ा करने लगे. देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा तो तीनों युवकों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया.
यह भी पढ़ें: खाटू श्यामजी में भक्तों से लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश...बाप, बेटा और बहू समेत 18 सदस्य गिरफ्तार
इस दौरान लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. कुछ देर में पुलिस मौके पर पहुंची व पुलिस ने तीनों युवकों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन वो नहीं माने. उल्टा धमकी देने लगे कि श्रद्धालुाओं को मार देंगे. ऐसे में पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया. खाट श्यामजी थाने के एसएचओ पवन कुमार चौबे ने बताया कि तीन आरोपी भारत राणा (27) पुत्र दयाल राणा निवासी वार्ड 34 रतनगढ़, कालूराम राणा (24) पुत्र श्रवणराम निवासी सालासर और कुलदीप (22) पुत्र दयाराम वर्मा निवासी खुमाड़ा को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है.
एसएचओ ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे बाद साप्ताहिक मेला होने के चलते कस्बे में लोगों की भीड़ थी. जब पुलिस टीम झगड़ा कर रहे युवकों के पास पहुंची तो वहां आसपास के लोग और श्रद्धालुओं ने छुड़ाने की कोशिश की. लेकिन युवक नहीं माने. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को समझाने की कोशिश की. तभी आरोपी युवकों ने दर्शनार्थियों को मारने की धमकी दी. इस पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया.
पिछले साल भी हुआ था विवाद
खाटूश्याम मंदिर में दर्शन करने आए मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं से दुकानदारों ने बीच बाजार में जुलाई 2025 को जमकर मारपीट की थी. मारपीट इसलिए की गई थी, क्योंकि बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु एक दुकान में चले गए थे. इस पर दुकानदार ने उनको बाहर जाने के लिए कहा. जिस पर श्रद्धालुओं ने दुकानदार से थोड़ी देर वहीं पर रुकने देने की गुहार लगाई. इसी बात को लेकर दुकानदार ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी. देखते-देखेत मामला इतना बढ़ गया कि दुकानदारों ने लाठी और डंडों से पिटाई करना शुरू कर दिया.