scorecardresearch
 

'कुंवारों की कराऊंगी शादी, ढूंढूंगी सुंदर लड़की...', राजस्थान की महिला सरपंच प्रत्याशी का अनोखा वादा- VIDEO

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के झाझड़ गांव में सरपंच पद की दावेदार अनीता सैनी अपने अनोखे चुनावी वादे को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का आश्वासन दिया है. अनीता का कहना है कि जरूरत पड़ने पर दूसरे गांवों में भी दुल्हन तलाशेंगी और बारात के लिए ट्रेन लगवाने का प्रयास करेंगी.

Advertisement
X
सरपंच प्रत्याशी, जिसने युवाओं की शादी कराने का किया वादा. (Photo: Screengrabs)
सरपंच प्रत्याशी, जिसने युवाओं की शादी कराने का किया वादा. (Photo: Screengrabs)

राजस्थान में पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच झुंझुनूं जिले से एक ऐसा चुनावी वादा सामने आया है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है. आमतौर पर सरपंच पद के प्रत्याशी गांव में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने का वादा करते हैं, लेकिन झाझड़ गांव की सरपंच पद की दावेदार अनीता सैनी ने गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का वादा कर सबका ध्यान खींच लिया है. उनके इस अनोखे चुनावी अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का दावा
अनीता सैनी का कहना है कि अगर वह चुनाव जीतती हैं और गांव के किसी कुंवारे युवक को शादी के लिए दुल्हन नहीं मिल रही है, तो वह उसकी शादी करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी. जरूरत पड़ी तो दूसरे गांवों में जाकर भी लड़की तलाशेंगी. उन्होंने यहां तक कहा कि बारात ले जाने के लिए ट्रेन तक लगवाने का प्रयास करेंगी.

उनके इस वादे ने पंचायत चुनाव के प्रचार को एक अलग मुद्दा दे दिया है. जहां दूसरे प्रत्याशी विकास कार्यों को लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं, वहीं अनीता सैनी ने युवाओं की शादी की समस्या को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल कर लिया है.

राजस्थान-हरियाणा में शादी की समस्या क्यों है चर्चा में?
राजस्थान और हरियाणा के कुछ इलाकों में युवाओं की शादी में आ रही मुश्किलों का मुद्दा समय-समय पर सामने आता रहा है. कई मामलों में दूसरे राज्यों से महिलाओं को शादी के लिए लाने की खबरें भी सामने आई हैं. वहीं, कुछ मामलों में महिलाओं की खरीद-फरोख्त और शोषण जैसे गंभीर मामले भी उजागर हुए हैं. ऐसे में कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का वादा चर्चा का विषय बन गया है.

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ चुनावी वादा
अनीता सैनी के इस अनोखे वादे को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. लोग इसे पंचायत चुनाव प्रचार का अलग अंदाज बता रहे हैं. हालांकि, चुनाव जीतने के बाद वह इस वादे को पूरा करने के लिए क्या कदम उठाएंगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है. फिलहाल, झुंझुनूं के झाझड़ गांव से सामने आया यह चुनावी वादा लोगों का ध्यान खींच रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement