scorecardresearch
 

फरार ड्रग तस्कर पर सिर्फ 25 पैसे का इनाम... राजस्थान पुलिस ने किया ऐलान, क्या है पूरी कहानी

राजस्थान के नागौर में पुलिस ने फरार ड्रग तस्कर अर्जुनराम विश्नोई उर्फ रोडू की गिरफ्तारी के लिए ऐसा इनाम घोषित किया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में वांछित आरोपी पर पुलिस ने सिर्फ 25 पैसे का नकद इनाम घोषित किया है. इसको लेकर सोशल मीडिया पर खूब मीम्स भी बन रहे हैं.

Advertisement
X
नागौर के एसपी ने किया ऐलान. (Photo: ITG)
नागौर के एसपी ने किया ऐलान. (Photo: ITG)

राजस्थान के नागौर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिस पर सोशल मीडिया में खूब चर्चा हो रही है. मामला ड्रग तस्करी से जुड़ा हुआ है... लेकिन जिस बात ने इसे चर्चा का विषय बना दिया, वह है पुलिस द्वारा घोषित किया गया इनाम. पुलिस ने एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम रखा है, लेकिन यह इनाम सुनकर लोग हैरान रह गए. राशि है 25 पैसे.

आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर है. उसका नाम है अर्जुनराम विश्नोई उर्फ रोडू, जो नागौर के जायल थाना क्षेत्र के रोडू गांव का रहने वाला है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अर्जुनराम कई गंभीर मामलों में वांछित है और उस पर मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप हैं.

मामला सामने तब आया, जब नागौर एसपी ऑफिस से एक प्रेस नोट जारी हुआ. इस नोटिस में आरोपी अर्जुनराम की गिरफ्तारी के लिए आम जनता से सहयोग मांगा गया था. नोटिस में साफ लिखा गया कि जो कोई भी इस आरोपी को पकड़वाने में मदद करेगा या उसकी सटीक जानकारी देगा, उसे नकद पुरस्कार दिया जाएगा. लेकिन जब लोगों की नजर इनाम की रकम पर गई, तो वे चौंक गए- इनाम था सिर्फ 25 पैसे.

यह भी पढ़ें: इंदौर में 50 पैसे का फरार इनामी पकड़ा गया, पुलिस को देख बालकनी से कूदा, हत्याकांड के गवाह को दी थी धमकी

Advertisement

पुलिस के इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर जैसे चर्चा का विस्फोट हो गया. लोग हैरान भी थे और मीम्स भी बन रहे थे. किसी ने लिखा- 25 पैसे में तो अब कुछ मिलता भी नहीं. किसी ने कहा- यह तो इतिहास का सबसे सस्ता इनामी अपराधी बन गया. वहीं कई यूजर्स ने मजाक में यह भी कहा कि अब तो आरोपी की कीमत एक टॉफी से भी कम हो गई.

आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अर्जुनराम विश्नोई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं. इनमें सबसे ताजा मामला फरवरी 2026 का बताया जा रहा है, जिसमें जायल थाना में उसके खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़ा केस दर्ज हुआ है.

इसके अलावा अक्टूबर 2025 में कुचेरा थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. वहीं एक और पुराना केस अप्रैल 2022 में दर्ज हुआ था. इन सभी मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

पुलिस ने जारी किया नोटिस

पुलिस ने राजस्थान पुलिस नियम 1965 के नियम 4.18 के तहत यह घोषणा की है. नोटिस में साफ लिखा है- जो कोई भी आरोपी को गिरफ्तार करेगा, मदद करेगा या उसकी सटीक जानकारी देगा, उसे नकद पुरस्कार मिलेगा. लेकिन पुरस्कार की राशि सिर्फ 25 पैसे! पुलिस अधीक्षक नागौर का फैसला अंतिम होगा. अगर कोई बाधा डालेगा, तो कानूनी बल प्रयोग किया जाएगा.

Advertisement

यह खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं- 25 पैसे में तो गुड़ भी नहीं मिलता. पुलिस ने आरोपी को सुपर सस्ता करार दे दिया. रोड़ू भाई, अब तुम्हारी कीमत एक चॉकलेट जितनी भी नहीं... ऐसे मीम्स की बाढ़ आ गई है.

यह भी पढ़ें: डबल मर्डर में फरार इनामी बदमाश एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

आमतौर पर अपराधियों पर इनाम की राशि हजारों या लाखों तक में होती है. लेकिन यहां 25 पैसे का इनाम घोषित किया गया, जिससे यह इनामी राशि चर्चा में आ गई.

विशेषज्ञों का मानना है कि यह राशि वास्तव में प्रतीकात्मक हो सकती है. यानी इसका उद्देश्य आरोपी पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना और जनता का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित करना हो सकता है. पुलिस चाहती है कि लोग इस आरोपी के बारे में जागरूक हों और अगर कहीं दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें.

पुलिस कर रही छापेमारी

जिले में हाल के वर्षों में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले बढ़े हैं. पुलिस इन मामलों को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है. कई जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है और तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल आरोपी अर्जुनराम विश्नोई अभी भी फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत जायल थाना या नागौर पुलिस से संपर्क करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement