scorecardresearch
 

जयपुर के पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत

जयपुर के खो-नागोरियन इलाके में एक मकान में संचालित फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए. स्थानीय लोगों का दावा है कि वहां पटाखा फैक्ट्री चल रही थी, जबकि पुलिस फोरेंसिक जांच कर रही है. धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में मदद की और कई लोगों को बाहर निकाला. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा आग पर काबू पा लिया गया है.

Advertisement
X
पुलिस फोरेंसिक जांच कर रही है. Photo PTI
पुलिस फोरेंसिक जांच कर रही है. Photo PTI

जयपुर के खोनागोरियां इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी. देखते ही देखते फैक्ट्री आग के गोले में तब्दील हो गई और एक के बाद एक हुए तेज धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, आशंका जताई जा रही है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में जोरदार धमाके शुरू हो गए. धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. पूरे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. खुद जयपुर कलेक्टर संदेश नायक भी मौके पर मौजूद है. 

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर लगाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवाना शुरू कर दिया है. 

Advertisement

मौके पर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात है और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है. हादसे के बाद फैक्ट्री के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. वहीं प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है. फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री के भीतर किसी तकनीकी गड़बड़ी या विस्फोटक सामग्री में हुई प्रतिक्रिया के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement