राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले के कठूमर उपखंड क्षेत्र के तसई गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की एक ही दिन मौत हो गई. छोटे भाई की बिजली करंट लगने से मौत हुई, वहीं उसकी मौत की खबर सुनकर बड़े भाई की तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई. एक दिन में दो भाइयों की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
वहीं यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. जानकारी के अनुसार, तसई गांव के गौरवाली मोहल्ला निवासी जितेंद्र चौहान उर्फ जीतू पुत्र अतर सिंह लालसोट क्षेत्र में एक ठेकेदार के अधीन बिजली लाइन पर काम करता था. रविवार सुबह करीब 8 बजे बिजली लाइन पर काम करते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गया. हादसे में जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई.
बिजली लाइन पर काम करते समय छोटे भाई को लगा करंट
जितेंद्र की मौत की सूचना जैसे ही परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया. परिजनों के अनुसार, छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही बड़े भाई प्रकाश चौहान गहरे सदमे में चले गए. परिवार के लोगों के सामने ही उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सक हेमंत वर्मा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि प्रकाश चौहान पिछले कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे, लेकिन छोटे भाई की अचानक मौत का सदमा उनके लिए जानलेवा साबित हुआ. जितेंद्र के साथ काम कर रहे साथी मुकेश सिंह ने बताया कि रविवार को लालसोट क्षेत्र के समासा गांव में बिजली लाइन का काम चल रहा था. काम के दौरान शटडाउन लिया गया था और नई लाइन खींची जा रही थी.
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इसी दौरान अचानक जितेंद्र को करंट लग गया और वह नीचे गिर गया. साथी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. साथी ने बताया कि बारिश के मौसम में नमी के कारण करंट वापस आने या फिर ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन से तार के संपर्क में आने की संभावना हो सकती है. मामले की सूचना मृतक के बड़े भाई राहुल ने पुलिस को दी. उन्होंने बताया कि बिजली कार्य के दौरान जितेंद्र की मौत हुई है. फिलहाल घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार इस दोहरे सदमे से उबर नहीं पा रहा है.