राजस्थान के जयपुर में सरपंच चुनाव के मतदान के बाद देर रात बवाल हो गया. चौमूं इलाके के मोरीजा गांव में मतपेटी सील करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव तक पहुंच गया. लोगों ने पुलिस पर पत्थर फेंके. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा. घटना के दौरान मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर हालात शांत कराए.
मोरीजा गांव में सरपंच चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी. इसके बाद मतपेटी को सील किया जा रहा था. इसी दौरान मतपेटी सील करने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा और एक गुट के लोग आक्रोशित हो गए.
यहां देखें Video
शुरुआत में यह विवाद कहासुनी तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में हालात बिगड़ गए. आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए पथराव से मौके पर तनाव फैल गया. मतदान केंद्र के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पथराव की घटना के बाद पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की. जब स्थिति बिगड़ने लगी, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे लोगों को वहां से हटाने के लिए दौड़ाया और लाठियां भांजीं. घटना के दौरान कुछ समय के लिए मतदान केंद्र के आसपास तनाव बना रहा.
यह भी पढ़ें: गुजरात: सरपंच चुनाव में जीत के बाद लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे, वीडियो वायरल होने पर मामला दर्ज
सरपंच चुनाव जैसे स्थानीय चुनावों में मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से सील करना और उन्हें तय प्रक्रिया के तहत आगे ले जाना जरूरी होता है. ऐसे में इस प्रक्रिया को लेकर उठा विवाद हिंसक हो गया और पुलिस को बीच में आना पड़ा.
हंगामे और लाठीचार्ज के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. इसके बाद मौके पर तनाव कम हुआ. फिलहाल, इस घटना की वजह मतपेटी सील करने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है. लेकिन विवाद किस बात पर शुरू हुआ, किस पक्ष ने पहले विरोध किया और पथराव की नौबत क्यों आई, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही साफ हो पाएंगे.