scorecardresearch
 

ड्राइवर के सीने के आरपार हुआ लोहे का एंगल, जयपुर में भयानक सड़क हादसा CCTV में कैद

राजस्थान के जयपुर में केडिया पैलेस चौराहे के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई. डिवाइडर पर लगे लोहे के ग्रिल का एक एंगल कार के अंदर घुसकर चालक के सीने में आरपार हो गया.

Advertisement
X
जयपुर में एक स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई और ग्रिल का एंगल ड्राइवर के सीने के आरपार हो गया. (Photo: ITG)
जयपुर में एक स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई और ग्रिल का एंगल ड्राइवर के सीने के आरपार हो गया. (Photo: ITG)

राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुरलीपुरा इलाके में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया. केडिया पैलेस चौराहे के पास तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग का एक एंगल टक्कर के दौरान गाड़ी के अंदर घुस गया और चालक के सीने में आरपार हो गया, जबकि बगल की सीट पर बैठा उसका दोस्त चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गया.

यह हादसा गुरुवार रात करीब तीन बजे का बताया जा रहा है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक वाहन के अंदर ही फंस गया. हादसे की सूचना मिलते ही मुरलीपुरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. चालक को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से लोहे के एंगल को काटा गया. गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 28 वर्षीय आनंद सिंह शेखावत ने दम तोड़ दिया.

यह भी पढ़ें: कपड़े की दुकान में जा घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, चपेट में आने से चार लोग घायल, CCTV में कैद हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार मृतक आनंद सिंह शेखावत कालवाड़ रोड के रहने वाले थे. हादसे के समय आनंद के साथ उनके दोस्त शक्ति प्रताप भी कार में मौजूद थे. जिस लोहे के एंगल ने आनंद सिंह शेखावत की जान ले ली, वही एंगल सहयात्री शक्ति प्रताप के बेहद करीब से गुजर गया, लेकिन उन्हें खरोंच तक नहीं आई. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए. इस पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने और लोहे का एंगल गाड़ी में घुसते हुए साफ नजर आ रहा है.

Advertisement

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से हटाकर जब्त कर लिया है. मृतक आनंद सिंह शेखावत के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जिस लोहे की रेलिंग से यह हादसा हुआ, वह ट्रैफिक सुरक्षा के लिए लगाई गई थी, लेकिन टक्कर में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और तेज रफ्तार को इस दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement