scorecardresearch
 

'राइफल लाओ, पत्थरबाजी हो रही है...' SHO चिल्लाते रहे, सिपाही छिपे रहे, थाने में घुसे 100 से ज्यादा बवाली

अलवर के गोविंदगढ़ थाने में देर रात बवाल हो गया. बाइक स्टंट के आरोप में पकड़े गए दो युवकों को छुड़ाने के लिए 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने थाने पर धावा बोल दिया. भीड़ ने पुलिस पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया. इसमें थाना अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. हमलावर थाने में बंद दोनों युवकों को भी छुड़ाकर ले गए.

Advertisement
X
17 थानों की पुलिस टीम मौके पर तैनात. (Photo: Screengrab)
17 थानों की पुलिस टीम मौके पर तैनात. (Photo: Screengrab)

राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाने पर भीड़ ने हमला बोल दिया. थाने में घुसे युवाओं ने जमकर पत्थर बरसाए. इस दौरान थाने में मौजूद एसएचओ चिल्लाते रहे कि राइफल लाओ, राइफल लाओ, गाड़ियों के कांच टूट रहे हैं, थाने पर पत्थरबाजी हो रही है. लेकिन कोई भी सिपाही हथियार लेकर बाहर नहीं आया. सभी अपनी जान बचाकर छुप गए. इस घटना में एसएचओ सहित 4 से 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए. थाने में खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. उनके कांच टूट गए.

इस घटनाक्रम के दौरान हमलावर थाने में बंद युवकों को छुड़ा ले गए. इस मामले के बाद जिले के 17 थानों की पुलिस टीम तैनात की गई है. साथ ही 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दूसरी तरफ हमलावरों द्वारा थाने पर पत्थरबाजी करने और एसएचओ के मदद के लिए चिल्लाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

alwar govindgarh police station attack stone pelting youths freed

अलवर में गोविंदगढ़ थाने में बीती रात हंगामा हुआ और जमकर पत्थरबाजी भी हुई. थानाधिकारी सहित 5 पुलिसकर्मियों को चोट आई है. दरअसल, रात 11 बजे बाइक पर सवार दो युवक कस्बे में स्टंट कर रहे थे. बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे चला रहे थे. एक ग्रामीण ने इसकी शिकायत पुलिस से की.

यह भी पढ़ें: सुनियोजित था नूंह में साइबर थाने पर हमला, फ्रॉड के सबूत मिटाना चाहते थे उपद्रवी, पुलिस का बड़ा खुलासा

Advertisement

रात में पेट्रोलिंग कर लौट रहे गोविंदगढ़ थाने के ASI मौके पर पहुंचे. उन्होंने युवकों को बुलेट बाइक से पटाखा चलाने के लिए मना किया. इस पर दोनों युवक एएसआई से उलझ गए. उन्होंने एएसआई के साथ मारपीट की. पुलिसकर्मी ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी. इसके बाद मौके पर थाने के अन्य पुलिसकर्मी पहुंच गए और बाइक को जब्त कर लिया. इसी के साथ दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया.

alwar govindgarh police station attack stone pelting youths freed

दोनों युवकों को गोविंदगढ़ थाने में बंद कर दिया गया. इस मामले की सूचना युवक के परिजनों को मिली. इसके बाद 100 से ज्यादा लोग थाने पर पहुंच गए और उन्होंने हमला बोल दिया. लोगों ने थाने पर जमकर पथराव किया. लाठी डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. आरोपी हमलावर थाने में बंद युवाओं को छुड़ा ले गए.

इस हमले में थाना अधिकारी धर्म सिंह सहित थाने के कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. थानाधिकारी के चेहरे पर चोट लगी है, उन्हें आठ टांके आए हैं. इस घटना के बाद पूरे थाने में पथराव के साथ अंदर खून बिखरा हुआ नजर आया. इस हमले में पुलिस की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए. वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Gujarat: विदेशी छात्रों पर भीड़ का हमला, 5 गिरफ्तार, 2 नाबालिग हिरासत में, 10 के खिलाफ FIR

इस मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को मिली. इसके बाद एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचीं और हालात को देखते हुए जिले के 17 थानों की पुलिस टीम मौके पर तैनात की गई. पुलिस ने हमला करने वालों को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित की, जो लगातार दबिश दे रही है. अब तक 20 लोगों को पकड़ा जा चुका है.

एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि बीती रात पुलिस गश्त के दौरान दो बाइक सवार स्टंट कर रहे थे और बुलेट बाइक से पटाखे फोड़ रहे थे. पुलिस टीम ने बाइक को जब्त किया और थाने ले आई. इसके बाद उनके समर्थक थाने पहुंचे और बाइक को छोड़ने के लिए कहने लगे.

पुलिस ने जब नहीं छोड़ा तो भीड़ ने थाने पर पथराव कर दिया. इसमें थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. सरकारी गाड़ी को तोड़ दिया. सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. सूचना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. इस मामले में करीब बीस लोगों को पकड़ा है. पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया है और जांच-पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement